किसी ने बजाई बांसुरी तो कोई बना माखन चोर
-कृष्ण बाल स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता संपन्न -संस्कार भारती द्वारा सीबी गेस्ट हाउस में हुआ कार्यक
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: संस्कार भारती द्वारा जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में श्रीकृष्ण बाल स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें नन्हें मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रतिभा का हुनर दिखाया। कृष्ण रूप में सजे बच्चों की बाल सुलभ अदाएं हरेक को मोह रहीं थीं। कोई बांसुरी बजा रहा था तो कोई माखन चोर बना। प्रतियोगिता में अव्वल बच्चों को संस्था द्वारा पुरस्कृत किया गया।
रविवार की शाम सीबी गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उद्योगपति कपिल अग्रवाल ने भगवान के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्जवलन के साथ किया। इसके बाद मीना श्रीमाली ने ध्येय गीत प्रस्तुत किया। बृज प्रांत के त्रिलोकीनाथ सेठी ने कहा कि भगवान कृष्ण हमारे आदर्श पुरुष हैं। प्रत्येक शिशु में भगवान कृष्ण के बालरूप के दर्शन होते हैं। कहा कि आज भौतिक संस्कृति की बढ़ती चकाचौंध ने हमारे समाज को प्रभावित किया है। इसके बाद तीन वर्गों में हुई प्रतियोगिता में 85 बच्चों ने प्रतिभाग किया। संस्था द्वारा प्रत्येक प्रतिभागी को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम में रमेश बंसल, महेश चंद्र अग्रवाल, अनुग्रह गोपाल अग्रवाल, लक्ष्मी मित्तल, संस्था अध्यक्ष उद्देश्य तिवारी, सुरेंद्र अग्रवाल, शैल गुप्ता, रमेश अग्रवाल, रवींद्र बंसल, किशनलाल धरना, बीना बंसल, दीपक गुप्ता व दयाशंकर आदि मौजूद थे। संचालन महामंत्री शिवकांत पलिया व प्रवीन अग्रवाल ने किया।