फिरोजाबाद में शिवपाल ने कहा, नरेश अग्रवाल तो सपा का कलंक
शिकोहाबाद में कल शिवपाल सिंह यादव ने नरेश अग्रवाल पर समाजवादी पार्टी की कब्र खोदने का काम करने का गंभीर आरोप लगाया।
फीरोजाबाद (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के विधायक तथा अखिलेश यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे शिवपाल सिंह यादव ने एक बार फिर पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोला है। कल उन्होंने पार्टी के राज्यसभा सदस्य नरेश अग्रवाल पर बेहद गंभीर आरोप लगाने के साथ ही उनको पार्टी का कलंक तक कह दिया।
शिकोहाबाद में कल शिवपाल सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव के गुरु प्रोफेसर राजपाल सिंह के घर पर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही नरेश अग्रवाल पर समाजवादी पार्टी की कब्र खोदने का काम करने का गंभीर आरोप लगाया। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी के लिए कलंक हैं। उन्होंने कहा कि नरेश अग्रवाल उस पार्टी को कब्र में डाल रहे हैं, जिसे नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने बुलंदियों तक पहुंचाया था। पार्टी में कुछ ऐसे लोग हैं जो पार्टी का नाश करने पर तुले हुए हैं। ऐसे लोगों को जल्द से जल्द पार्टी से बाहर कर देना चाहिए अन्यथा ऐसे लोग पार्टी को फायदा नहीं बल्कि नुकसान पहुंचा देंगे।
शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से कहा कि नरेश अग्रवाल जैसे नेता पार्टी के लिए कलंक हैं। ऐसे नेताओं को माफ नहीं किया जा सकता। उन्हें अभी तक राजनीति की समझ नहीं है। उन्होंने यह प्रतिक्रिया नरेश अग्रवाल के उस बयान पर दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारतीय सेना आतंकवादियों से डरती है। यदि पाकिस्तान की सेना आ जाएगी तो क्या होगा।
शिवपाल सिंह यादव ने नई पार्टी बनाने के सवाल पर कहा कि अभी इंतजार कीजिए, समय आने पर सब ठीक हो जाएगा। राजनीति में यह सब होता रहता है। हमारे परिवार में कोई विघटन नहीं है। हम सब एक हैं। सपा परिवार में विघटन के सवाल पर कहा हम सब एक हैं। उन्होंने कहा कि वह भाजपा से कभी गठबंधन नहीं करेंगे। वह समय का इंतजार कर रहे हैं उचित समय आने पर पार्टी बनाने का निर्णय लूंगा या फिर पार्टी के लिए ही काम करूंगा। इस दौरान शिवपाल के साथ समाजवादी पार्टी के कई स्थानीय नेता भी मौजूद थे।
शिवपाल ने प्रदेश सरकार के कामकाज के बारे में भी कुछ भी बोलने से मना कर दिया। उन्होंने बस इतना कहा कि जब वह कोई निर्णय ले लेगें, तभी कुछ बोलेंगे। वहीं 2019 के लोकसभा चुनावों की तैयारी के बारे में शिवपाल ने जरूर कहा तक उनकी तैयारी चल रही है और वह जनता के बीच जा रहे हैं।