शिकोहाबाद में गैस गीजर से दम घुटने से शिक्षक की मौत, घर के बाथरूम में नहाते समय हुआ हादसा
शिकोहाबाद में गैस गीजर से हुए रिसाव के कारण एक शिक्षक डॉ. शैलेंद्र सिंह की बाथरूम में दम घुटने से मृत्यु हो गई। स्वजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जागरण संवाददाता, शिकोहाबाद। मेहरा कालोनी निवासी शिक्षक की रविवार शाम चार बजे घर के बाथरूम में नहाते समय गैस गीजर की गैस से दम घुटने के कारण मृत्यु हो गई। स्वजन बाथरूम का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाल कर जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मेहरा कालोनी निवासी 45 वर्षीय डा.शैलेंद्र सिंह की रविवार शाम बाथरूम में नहाते समय गैस गीजर से बनी गैस के कारण मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, शाम को काफी देर तक बाहर न आने पर स्वजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद स्वजन उन्हें उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गए, जहां शाम करीब चार बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉ. शैलेंद्र सिंह एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। उनके पिता डा.वीके जादौन रिटायर्ड सीएमएस भी रह चुके हैं और वर्तमान में वह प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ हैं, जो पालीवाल चौराहे पर अपना क्लिनिक संचालित कर रहे हैं।
मृतक की पत्नी डा. मंजुला सिंह शिक्षिका हैं तथा उनके दो बेटे अंश जादौन और वंश जादौन हैं, जिनमें बड़ा बेटा अंश एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मेहरा कालोनी स्थित उनके आवास पर शहर के अनेक प्रतिष्ठित लोग पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।