जिपं अध्यक्ष चुनाव में आज होगा दिग्गजों का इम्तिहान
लोस चुनाव में हार के बाद सपा के सामने वापसी की चुनौती भाजपा और पूर्व मंत्री के परिवार की साख लगी दांव पर।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव का घमासान आखिरी दौर में है। सदस्यों की संख्या बढ़ाने को लेकर चल रही खींचतान के बीच अब सियासी दिग्गजों की साख दांव पर है। एक तरफ लोकसभा चुनाव में हार के बाद अब सपा को अपने गढ़ में वापसी की चुनौती है तो विधानसभा चुनाव में हार के बाद पूर्व मंत्री की साख दांव पर है। दोनों दलों के दिग्गज अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
सपा का गढ़ रही सुहागनगरी में पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी को करारी हार झेलनी पड़ी। नगर निगम और फिर लोकसभा चुनाव में भी पार्टी भाजपा से मात खा गई। सपा के दिग्गज नेता एवं राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव को स्थानीय राजनीति से जोड़कर देखा जाता रहा है। जिला पंचायत सदस्य चुनाव में सपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरी। इसके बाद सदस्यों को एकजुट कर जीत का जादुई आंकड़ा जुटाने की कोशिश शुरू हो गईं। पार्टी जीत का दावा कर रही है, मगर समर्थक सदस्यों के खिलाफ मुकदमे और वारंट को लेकर असमंजस का पेच आखिरी तक फंसा है। हालांकि मतदान से 18 घंटे पहले सपा हाईकोर्ट से राहत पाने में कामयाब रही। उधर पांच सीटों वाली भाजपा को जीत तक पहुंचाने के लिए पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री जयवीर सिंह ने कमान संभाली है। उनकी पुत्रवधू पहली बार प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। पिछला विधानसभा चुनाव हारने के बाद पूर्व मंत्री जिला पंचायत के तख्ता पलट में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। अब परिवार का सदस्य चुनावी मैदान में होने से उनकी साख दांव पर लगी है। भाजपा और पूर्व मंत्री के परिवार का दावा बड़ी जीत का है। हालांकि सत्तारूढ़ दल होने के चलते उन पर प्रशासनिक मशीनरी का फायदा लेने के आरोप भी लग रहे हैं। विधायक के परिवार की भूमिका भी महत्वपूर्ण: तीन बार जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज रहे विधायक हरिओम यादव के परिवार की भी भूमिका इस बार महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विधायक के बेटे विजय प्रताप छोटू व पत्नी रामसखी यादव दोनों सदस्य चुने गए हैं। माना जा रहा है, कि कुछ सदस्य उनके खेमे में भी हैं। तीन बार के विधायक हरिओम यादव सपा से निष्कासित हो चुके हैं और भाजपा उन्हें खुलेआम न्यौता दे चुकी है।