ओटीएस स्कीम को उपभोक्ताओं का इंतजार
विद्युत विभाग द्वारा सब स्टेशनों पर लगाए जा रहे हैं कैंप बकायेदार पंजीकरण में नहीं ले रहे रुचि परेशान।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: कोरोना काल में धनाभाव से जूझते उपभोक्ताओं के लिए सरकार ने कोविड-19 एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना लागू की है। पंजीकरण कराने के लिए विभाग जगह-जगह कैंप भी लगवा रहा है, लेकिन उपभोक्ता रुचि नहीं दिखा रहे हैं। अधिकारी, कर्मचारी दिनभर खाली हाथ बैठे रहते हैं।
सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 15 दिसंबर से 31 जनवरी 2021 तक ओटीएस लागू की गई है। इसके तहत एलएमवी-2 (कामर्शियल), एलएमवी-4बी (निजी संस्थान) व एलएमवी-6 (औद्योगिक) श्रेणी के उपभोक्ताओं को विद्युत बकाए के सरचार्ज पर 100 फीसद छूट दी जा रही है। पंजीकरण के समय उपभोक्ताओं को नवंबर 2020 तक के विद्युत बिल की मूल धनराशि का 30 फीसद जमा करना है। इसके बाद ही पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
इस योजना में ऐसे उपभोक्ताओं को भी छूट का लाभ दिया जा रहा है, जिनके परिसरों में बिजली चोरी के मामले पकड़े गए हैं। शासन के निर्देश पर विभाग द्वारा सभी विद्युत सबस्टेशन पर प्रतिदिन कैंप लगवाए जा रहे हैं, लेकिन पंजीकरण की गति काफी धीमी है। हालात यह हैं कि कुल 3111 के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक मात्र 542 लोगों ने ही पंजीकरण कराया है। इनमें से भी मात्र 185 ने ही बकाया बिल जमा किया है। - डिवीजन वार स्थिति...
डिवीजन ----- टारगेट ------ पंजीकरण ----बिल जमा
फीरोजाबाद --- 755 ---- 126 ---- 52
जसराना ---- 554 ---- 107 ---- 34
शिकोहाबाद --- 422 ---- 82 ---- 26
सिरसागंज ---- 815 ---- 128 ---- 42
टूंडला ----- 566 ------ 99 ---- 31
कुल ----- 3111 ---- 542 ---- 185 - कैंप लगाने के साथ ही योजना का प्रचार- प्रसार भी कराया जा रहा है, फिर भी उपभोक्ता ध्यान नहीं दे रहे हैं। ओटीएस उनके लिए फायदेमंद योजना है।
- एके वर्मा, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण