सन्न रह गया शहर, कांग्रेस का अल्टीमेटम
प्रेमनगर की गलियों में दहशत और गमगीन माहौल पुलिस ने दी ताबड़तोड़ दबिश
फीरोजाबाद, जासं: घर में घुसकर छात्रा की हत्या ने शहर को सन्न कर दिया है। लखनऊ से वरिष्ठ अधिकारी घटना का अपडेट लेते रहे। दोपहर तक आगरा से पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंच गए। इसके साथ ही सियासी हलचल भी तेज हो गई। कांग्रेस ने 48 घंटे में पर्दाफाश न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार रात रसूलपुर के प्रेमनगर की गली नंबर दो में छात्रा ईशू चक की शोहदो ने घर में घुसकर हत्या कर दी। हत्या के बाद नामजद आरोपितों की तलाश में पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिशें दी। आरोपित मनीष चौधरी को रात दो बजे हिरासत में ले लिया। हत्या में नामजद गौरव चक और सोपाली यादव मृतका छात्रा के पड़ोसी हैं। इनके स्वजन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम हाउस पर सदर विधायक मनीष असीजा पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया। एसएसपी व अन्य अधिकारियों से बात की। अंतिम संस्कार में शामिल हुए कांग्रेसी
शाम को कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी अपने पदाधिकारियों के साथ छात्रा के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और परिवार को ढ़ाढंस बंधाया।
48 घंटे में न पकड़े गए आरोपित तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
फीरोजाबाद: महानगर कांग्रेस इकाई ने घटना पर रोष जताते हुए पुलिस प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया। कैंप कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष हाजी साजिद बेग ने कहा कि घटना बेहद निदनीय है। इससे मुख्यमंत्री का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा पूरी तरह खोखला साबित हो रहा है। प्रदेश में अपराध चरम पर है। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष चांद कुरैशी व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष मुहम्मद आजम इरफान, प्रवक्ता सौरभ पोरवाल आदि ने कहा कि सभी आरोपित गिरफ्तार नहीं हुए तो 48 घंटे बाद आंदोलन शुरू होगा।