नगर की गंदगी मिटाने को निकली अफसरों की फौज
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। नगर निगम का चार्ज मिलने के बाद डीएम ने शहर की सफाई दूर करने का जिम्मा लिया है। इसी के तहत मंगलवार से सफाई अभियान की शुरूआत की, जिसमें जिले के करीब तीन दर्जन अधिकारियों को लगाया। गंदगी पर सफाई भी कराई।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: सुबह के सात बजे नगर के 70 वार्ड में एक साथ झाडू चली तो देखने वाले हैरान रह गए। गांधी पार्क में लोगों ने देखा कि डीएम नेहा शर्मा खुद सफाई कर्मियों की हाजिरी ले रहीं थी। यही हाल शहर के हर वार्ड में था। पता पूछते हुए वार्ड में पहुंचे अधिकारी जनता से पूछ रहे थे कि सफाई कर्मचारी आते हैं कि नहीं? साल की विदाई के साथ गंदगी की विदाई के अभियान के पहले दिन सफाई कर्मचारियों और निगम के अफसरों में खलबली मच गई।
पिछले एक महीने से नगर निगम में अफसरों के न होने से सन्नाटा पसरा था। डीएम को नगरायुक्त की जिम्मेवारी मिलने के साथ ही काम पूरी रफ्तार पकड़ गया। इसके साथ ही डीएम ने साल के आखिरी दिन तक शहर की गंदगी हटाने का अभियान शुरू कर दिया। मंगलवार से शुरू हुए अभियान में प्रशासन के 70 अधिकारियों की ड्यूटी वार्ड वार लगाई गई थी। सुबह सात बजे नगर निगम के 1700 सफाई कर्मचारियों को एक साथ दौड़ाया गया। हर वार्ड में कर्मचारियों की उपस्थित जांचने के लिए एक अधिकारी को जिम्मेवारी सौंपी गई थी। डीएम ने खुद गांधी पार्क, बस स्टैंड और करबला में निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि कूडे़दान अवश्य रखें। इस दौरान एसडीएम मुख्यालय देवेंद्र ¨सह, जेडएसओ दलवीर ¨सह आदि मौजूद रहे।
----
जांचने वाले अफसर पहुंचे देर से
कांपती सुबह में ड्यूटी ने अधिकारियों को भी परेशान कर दिया। हर वार्ड के हिसाब से लगाए गए अधिकारियों को सुबह सात बजे पहुंचकर हाजिरी जांचनी थी, मगर कई अधिकारी समय से नहीं पहुंच पाए। डीएम के पहुंचने की खबर लगते ही अधिकारियों ने दौड़ लगाना शुरू कर दिया।
वाट्सएप पर दी रिपोर्ट, 98 सफाईकर्मियों का कटा वेतन
सफाईकर्मियों की हाजिरी जांचने पहुंचे अधिकारियों ने कर्मचारियों की उपस्थिति का विवरण फोटो एवं लोकेशन सहित आइजीआरएस ग्रुप के माध्यम से वाट्सएप पर भेजना शुरु कर दिया था। रात तक सबकी सूचना पहुंच गई, मगर डाटा तैयार नहीं हो पाया। सेनेटरी इंस्पेक्टर दलवीर ¨सह ने बताया कि 98 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनका एक दिन का वेतन काटकर चेतावनी दी गई है।