संकट की घड़ी में खाकी बनी मददगार
जरूरतमंद लोगों के घरों तक पहुंचा रहे हैं खाने का सामान पुलिस कर्मी सड़क पर घूमते लोगों को समझा रहे लॉकडाउन का महत्व
संस, जसराना: लॉक डाउन में भी पुलिस का दूसरा रूप नजर आ रहा है। सिपाही गरीब-असहायों के घरों तक खाद्यान्न व जरूरत के अन्य सामान पहुंचा रहे हैं।
इंस्पेक्टर गिरीश कुमार गौतम ने बताया कि संकट की इस घड़ी में पुलिस कर्मी 16-18 घंटे तक काम कर रहे हैं। वे सड़क पर घूमते मिलने वाले लोगों को लॉकडाउन का महत्व समझाते हुए घरों में ही रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, दूसरी तरफ भूख-प्यास से परेशान लोगों की जानकारी पाकर उनकी मदद भी कर रहे हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि सुबह जसराना नदी पुल के पास डेरा डाल कर रहने वाले कुछ परिवारों के भूखे होने की जानकारी मिली, इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। इन परिवारों को खाद्यान्न मुहैया कराया। उन्होंने बताया कि इस तरह की जानकारी जहां से भी मिल रही है, पुलिस खाद्यान्न व बच्चों के लिए बिस्कुट आदि का बंदोबस्त करा रही है।
-----
- मदद को बढ़ रहे हाथ-
नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, व्यापारी संजीव अग्रवाल, मनोज गुप्ता ने पांच-पांच किलो आटा- आलू, तेल, सब्जी, नमकीन, बिस्किट आदि सामानों की किट तैयार कराई है। इनके द्वारा इसे ऐसे लोगों के घरों में भिजवाया जा रहा है।