हरियाली का रखवाला बना आग से खेलने वाला
- प्रवचन में मिली सीख ने बना दिया पर्यावरण प्रहरी फुर्सत में करते हैं सिचाई - फायर ब्रिगेड परिसर में बढ़ा रहे हरियाली दो साल में ढाई सौ पौधों का रोपण
कार्तिकेय नाथ द्विवेदी, फीरोजाबाद: आग की आपदाओं से लोगों को बचाने वाला पर्यावरण का पहरी बन गया है। एक सत्संग का उस पर ऐसा असर हुआ कि उसने हरियाली की मुहिम छेड़ दी। बीते दो साल में फायर ब्रिगेड परिसर में ढाई सौ पौधे लगा चुका है।
हरिद्वार में 1992 का कुंभ फायर स्टेशन प्रभारी लाखन सिंह के लिए एक सीख दे गया। कुंभ मेले में ड्यूटी के दौरान वह साधु-संतों के प्रवचन में भी शामिल होते। इस दौरान उन्हें प्रकृति से प्रेम करने की सीख मिली। यहीं उन्होंने हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। लाखन सिंह बताते हैं कि अगस्त 2017 से पहले वह मथुरा के मांट फायर स्टेशन पर तैनात थे। यहां उन्होंने कई सैकड़ा पौधों का रोपण किया। अब वे फीरोजाबाद फायर स्टेशन परिसर में अपने साथी कर्मचारियों की मदद से तमाम प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण प्रहरी बन रहे हैं। रोपे जाने वाले पौधों में हर्बल पौधों की संख्या अधिक है। - जेब से पैसे खर्च कर खरीदते हैं पौधे-
लाखन सिंह के अनुसार, इस काम में उनके साथी भी मदद करते हैं। उन्हें पौधे रोपते और पेड़-पौधों की सिचाई करते देख साथी भी मदद करते हैं। वह जेब से पैसे खर्चकर पौधे खरीदते हैं। परिसर में बेल, अमरूद, नींबू, आंवला, पीपल, बरगद, शीशम, कंजी, अशोक ओर हरसिगार समेत तमाम प्रजातियों के पेड़-पौधे हैं। - मथुरा के मांट की तरह यहां भी मंदिर बनवाने का लक्ष्य-
फायर स्टेशन के प्रभारी ने बताया कि वह मथुरा के मांट फायर स्टेशन की तरफ यहां भी स्टेशन परिसर में देवी-देवताओं का मंदिर बनवाने का प्रयास कर रहे हैं। इस काम में वह सभी का सहयोग लेंगे।
---