न हों परेशान, समस्याओं से शीघ्र मिलेगी निजात
फीरोजाबाद जागरण संवाददाता। दैनिक जागरण कार्यालय में बुधवार को हुए प्रश्न पहर में मेयर नूतन राठौर ने फोन से समस्याएं सुनीं। इस दौरान शहर भर से पानी गंदगी बदहाल सड़कें एवं गलियां पाइप लाइनों में लीकेज स्ट्रीट लाइटें आदि की दर्जनों शिकायतें दर्ज की गईं। उन्होंने कहा कि सभी लोग धैर्य रखें। प्राथमिकता के आधार पर पूरे शहर में विकास कार्य हो रहे हैं। प्रस्तुत है फोन पर उन्हें बताई गई समस्याएं और उनके जवाब।
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। दैनिक जागरण कार्यालय में बुधवार को हुए प्रश्न पहर में मेयर नूतन राठौर ने फोन से समस्याएं सुनीं। इस दौरान शहर भर से पानी, गंदगी, बदहाल सड़कें एवं गलियां, पाइप लाइनों में लीकेज, स्ट्रीट लाइटें आदि की दर्जनों शिकायतें दर्ज की गईं। उन्होंने कहा कि सभी लोग धैर्य रखें। प्राथमिकता के आधार पर पूरे शहर में विकास कार्य हो रहे हैं। प्रस्तुत है फोन पर उन्हें बताई गई समस्याएं और उनके जवाब।
-सवाल: बिजलीघर के समीप पांच गलियों में कई माह से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। अन्य गलियों में कई लोगों ने अवैध कनेक्शन कर लिए हैं, जिनसे पानी की बर्बादी होती है।
(अजय सिंह शंखवार, शांति नगर) -जवाब: जलकल विभाग के अधिकारियों से निरीक्षण कराकर पानी की समस्या को समाप्त किया जाएगा। वहीं जिन लोगों ने अवैध कनेक्शन कर लिए हैं, उन पर कार्रवाई होगी।
-सवाल: इधर कई दिनों तक सफाई कर्मी नहीं आते। जिसके कारण नालियों में सिल्ट जमा हो जाती है और गलियों के नुक्कड़ों पर कूड़ा पड़ा रहता है।
(मीना देवी, रहना)
-जवाब: सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जेडएसओ से जांच कराकर लापरवाह सफाई कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
-सवाल: सुहाग नगर सब्जी मंडी की नालियों में ईंटे एवं गंदगी भरी पड़ी है। जिसके कारण गंदगीयुक्त पानी सड़क पर बहता है।
(राममूर्ति गुप्ता, सुहाग नगर) -जवाब: अभी सड़क एवं इंटरलॉकिग निर्माण कार्य हो रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद नालियां भी ठीक करा दी जाएंगी।
- सवाल: रमजान में भी सफाई कर्मी सफाई करने नहीं आते। नैनी ग्लास रोड स्थित नाले में सिल्ट जमा है। गंदगी एवं बदबू से लोगों का निकलना दूभर है।
(कल्लू वारसी, मुमीन नगर)
जवाब: निगम प्रशासन द्वारा अभी छोटे नालों की सफाई कराई जा रही है। उसके बाद बड़े नालों की सफाई कराई जाएगी। बहुत जल्द ही नैनी ग्लास कारखाने वाले नाले में भी कार्य शुरू होगा।
- सवाल: रामजी के घर से रामसनेही के घर तक करीब 30 मीटर नाली नहीं बनने के कारण गली में गंदगीयुक्त पानी बहता रहता है। जिसके कारण इधर से निकलना मुश्किल हो जाता है। (धर्मेंद्र कुमार, ढोलपुरा)
- जवाब: अभी आचार संहिता लगी होने के कारण नए निर्माण कार्य बंद हैं। आचार संहिता हटने के बाद इसे प्राथमिकता से बनवाया जाएगा।
- सवाल: मुख्य मार्ग सहित सभी गलियां कच्ची पड़ी हैं। जो बरसात में दलदल बन जाती हैं। कई बार अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस बनी है।
(सुधाकर बाबू, श्रीपाल कॉलोनी)
जवाब: आचार संहिता हटने के बाद प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। यहां डूडा विभाग से कार्य कराया जाएगा। इन्होंने भी दर्ज कराईं शिकायतें
आनंद नगर निवासी विनय ने कच्ची गलियां, टापाखुर्द निवासी किशनपाल, द्वारिका प्रसाद ने पानी, इंद्रानगर निवासी दिव्यांश शर्मा ने नालियां चोक होने, ब्रह्मचारी शर्मा ने दूषित पेयजल, गल्ला मंडी से पंकज गुप्ता, महादेव नगर से प्रमोद यादव ने गंदगी, रोमी अग्रवाल ने बंदरों की समस्या सुनाईं।