नवदुर्गा आज से, घर-घर होगी घट स्थापना
बुधवार से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। मंदिरों में मंगलवार को साज सज्जा की तैयारियां होती रहीं। पहले दिन घर घर घट की स्थापना होगी। महिलाओं ने व्रत रहने के लिए खरीदारी भी कर ली है।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : बुधवार से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। मंदिरों में मंगलवार को दिन भर तैयारियां चलती रहीं तो घरों में भी भक्तजन मां की अराधना के लिए घट स्थापना का सामान जुटाने में लगे रहे। शहर के प्रमुख राज-राजेश्वरी कैला देवी मंदिर के साथ में देहात के देवी मंदिरों में इस अवसर पर मेले लगेंगे। नवरात्र के साथ ही बुधवार से जगह-जगह पर भक्तों द्वारा भंडारे कराए जाएंगे।
बुधवार को घरों में घट स्थापना होगी। देवी की चौकी सजाने के साथ भक्तजनों द्वारा विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। वहीं मंदिरों में भी विशेष आयोजन की तैयारी है। कहीं देवी जागरण का आयोजन होगा तो कहीं पर नौ दिन तक हवन यज्ञ। इसके लिए मंदिरों में भी तैयारी चल रही है। नवरात्र के लिए मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई है। प्रमुख मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। राज राजेश्वरी कैला देवी मंदिर पर सुबह चार बजे से मंगला दर्शन होंगे तो वैष्णो देवी धाम पर भी मंगला आरती से शाम तक भक्तों की भीड़ रहेगी। इसके लिए मंदिरों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। कैला देवी मंदिर पर सुबह सार से पांच बजे तक मंगलादर्शन, छह से सात बजे तक श्रीदर्शन, सात से पौने आठ बजे तक श्रृंगार आरती, 11 बजे राजभोग, दोपहर एक बजे पट बंद होंगे। दोपहर तीन बजे पट खुलेंगे और रात दस बजे बंद होंगे।
टूंडला में सप्तमी से दिखेगी रौनक टूंडला नगर में नवरात्र की रौनक सप्तमी से नजर आएगी। यहां पर सात जगह सज रहे भव्य पंडालों में देवी मां की प्रतिमाओं की स्थापना कराई जाएगी। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं बुधवार सुबह सभी पंडालों में घट स्थापना की जाएगी। पंडाल सजाने के लिए कोलकाता के कारीगर जुटे हुए हैं।