रामगोपाल को बधाई देने पहुंचे मुलायम ने कहा, सपा की नीति सबसे अच्छी
मुलायम सिंह यादव ने प्रो. रामगोपाल के 72वें जन्मदिन पर केक काटा। इस मौके पर तमाम सपा नेता, पूर्व मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।
फीरोजाबाद (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के 72वें जन्मदिन पर आज पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव ने उनको बधाई दी। शिवपाल सिंह यादव के बाद मुलायम सिंह यादव उनको बधाई देने होटल पहुंचे थे।
रामगोपाल यादव के जन्मदिन पर केक काटने के बाद मुलायम सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का इतिहास शानदार रहा है। हमने अपने शासन में गरीब व अमीरों के बीच की खाई को कम किया था। इसके साथ ही शुरू से ही किसानों के हित में काम किया। अब आलू किसानों को उसकी मेहनत का फल नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीति हो कि सब पढें-लिखें तथा सबको रोजगार मिले। इसके साथ ही प्रदेश के व्यापारियों को सुरक्षा मिले। यह सब काम समाजवादी पार्टी सरकार ने किया था। हमारी पार्टी की नीति है कि सभी वर्ग को साथ लेकर चलो, उनका तथा प्रदेश का विकास करो। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि अपने अच्छे काम के कारण प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने काफी सम्मान पाया है। हम तो अब भी यही कामना करते है कि वह और सम्मान पाएं।
जो कुछ हूं, नेताजी की बदौलत
प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने इस अवसर पर कहा कि आज मैं जो कुछ भी हूं, नेताजी के आशीर्वाद के कारण हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए यहां के शिकोहाबाद को अपना चुनाव क्षेत्र बनाया था। नेताजी की नीतियों को जिन जिन राज्यों ने अपनाया वहां तरक्की हुई। प्रदेश और देश की सरकार कुछ नहीं कर रही है। गांव-गांव शौचालय का काम नेता जी ने शुरू कराया था। उन्होंने कहा कि सिर्फ नेताजी के काम के कारण ही 2014 में नरेद्र मोदी की लहर में जब सब बह गए थे तब भी फीरोजाबाद में समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि मेरी हर कोशिश पार्टी हित में काम करने की होती है। मैं कभी भेदभाव नहीं करता। अब हम सब नेता जी अच्छे स्वास्थ्य की कामना करें ताकि नेताजी के मार्गदर्शन में 2019 में पार्टी देश में बदलाव लाए। मैं भी कामना करता हूँ कि नेताजी लंबे समय तक पार्टी का मार्गदर्शन करें।
इससे पहले मुलायम सिंह यादव ने प्रो. रामगोपाल के 72वें जन्मदिन पर केक काटा। इस मौके पर तमाम सपा नेता, पूर्व मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे। शिकोहाबाद के रामलीला मैदान में आयोजित जन्मदिन के जलसे में करीब ढाई लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। विशाल पंडाल और मंच सजाया गया है।
इससे पहले रामगोपाल यादव के जन्मदिन के मौके पर बधाई देने के लिए शिवपाल सिंह यादव पहुंचे। वहां पर शिवपाल मात्र 10 मिनट रुककर चले गए। दोनों नेता करीब दो साल के बाद सार्वजनिक रूप से एक मंच पर दिखाई पड़े। रामगोपाल यादव ने अपने जन्मदिन पर शिवपाल सिंह यादव के साथ मिलकर केक काटा। इसके बाद प्रोफेसर रामगोपाल ने शिवपाल यादव को केक भी खिलाया।