मां कात्यायनी की घर-घर पूजा, जयकारों से गूंजी राहें
नवरात्र में पूरा शहर देवी मय हो गया है। मंदिरों और गली मुहल्लों में मां के भक्ति गीत गूंजते रहे। मंदिरों और घरों में माता की पूजा अर्चना हुई।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: नवरात्र में पूरा शहर देवी मय हो गया है। मंदिरों और गली मुहल्लों में जगह-जगह देवी के भक्ति गीत गूंज रहे हैं। दुर्गा पंडालों में सुबह और शाम पूजा अर्चना हो रही है। मंदिरों पर नेजा चढ़ाने के लिए दूर-दूर से भक्त आ रहे हैं। सप्तमी से दंडौती प्रक्रिया शुरू होगी।
सोमवार को घर-घर मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना हुई। सुबह से ही भक्तजन तैयार हो गए। घरों में हवन यज्ञ हुए तो कई घरों में पुरोहितों को बुलाकर विशेष पूजा अर्चना की गई। इधर, मंदिरों में भी भक्तों का सैलाब उमड़ा। शहर के प्रमुख राज राजेश्वरी कैला देवी मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्तजन पूजा अर्चना के लिए पहुंचे। देहात से अनेक भक्त यहां नेजा चढ़ाने आए। उसायनी स्थित मां वैष्णो देवी धाम पर भी भक्तों का सैलाब उमड़ा। भीड़ अधिक होने से मंदिर में प्रवेश के लिए भक्तों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
इधर, माता वाला बाग स्थित पथवारी माता मंदिर, जलेसर रोड स्थित मां काली मंदिर पर भी भक्तों की भीड़ रही। गांव हिम्मतपुर वाली माता पर भी भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। यहां पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते मेले जैसे हालात हैं। सप्तमी से होंगे विशेष आयोजन :
मंदिरों में सप्तमी से विशेष आयोजन होंगे। तीन दिन तक देवी जागरण और विशाल भंडारे की तैयारी की जा रही है। देहात के मंदिरों पर भी नवरात्र के अंतिम तीन दिन विशेष पूजा अर्चना होगी।