गांव-गांव दौड़ेगी मनरेगा एक्सप्रेस, शुरू हुआ महाभियान
गांव-गांव दौड़ेगी मनरेगा एक्सप्रेस शुरू हुआ महाभियान
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर प्रशासन ने मनरेगा का महाभियान शुरू किया है। इससे न सिर्फ ग्रामीण इलाकों के श्रमिकों और प्रवासियों को भरपूर रोजगार मिलेगा वहीं नदियों और तालाबों को भी संवारा जाएगा। मात्र 25 दिन में 10 लाख मानव दिवस सृजित किए जाएंगे।
ग्रामीण इलाकों में हजारों की संख्या में प्रवासी मजदूर लौटकर आए हैं। उनके साथ ही पहले से गांवों में रह रहे मनरेगा श्रमिकों को रोजगार देना प्रशासन की प्राथमिकता में है। वहीं अगले महीने बरसात शुरू होने वाली है। इससे पहले नदियों और तालाबों की सफाई और जीर्णोद्वार का काम पूरा होना है। इसके लिए शुक्रवार से महा अभियान शुरू किया गया है। इसमें सभी ग्राम पंचायतों को प्रतिदिन कम से कम 100 श्रमिकों को काम पर लगाने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं पूरे जिले में प्रतिदिन 40 हजार मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे महीने के अंत तक 10 लाख मानव दिवस सृजित हो सकें।
डीएम चंद्र विजय सिंह ने इस संबंध में सभी खंड विकास अधिकारी एवं मनरेगा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने नदियों की सिल्ट सफाई का कार्य तेजी से करने और अधिक से अधिक श्रमिकों को लगाने पर जोर दिया है।