मासूम के हाथ-पैर काटकर हत्या, शव फेंका
टूंडला में दो वर्षीय अज्ञात बालक का बेरहमी से कत्ल कर एनआर इंटर कॉलेज के पास शव फेंक दिया गया। वह नए कपडे पहने हुए था। कई अंग भी नहीं मिले। घटना से सनसनी फैल गई। बलि की आशंका जताई जा रही है।
संवाद सहयोगी, टूंडला: दो वर्षीय अज्ञात बालक का बेरहमी से कत्ल कर एनआर इंटर कॉलेज के पास शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। बुधवार सुबह दुर्गंध आने पर राहगीर पहुंचे तो हाथ-पैर कटा शव पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए।
दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे अस्पताल के सामने सड़क किनारे दो वर्ष के मासूम का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा है। सीओ संजय वर्मा और इंस्पेक्टर बीडी पांडे मौके पर पहुंच गए। मासूम की निर्मम हत्या की गई थी। उसके दोनों हाथ और पैरों को काटा दिया गया था। उसके बाद नए कपड़े पहनाकर शव को यहां लाकर फेंका गया था। क्षेत्रीय नागरिक बलि की आशंका जता रहे हैं। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
----
सुबह आठ बजे तक नहीं था शव
अस्पताल के पास रहने वाले एक रेलकर्मी ने बताया कि वह आठ बजे करीब नमाज अदा करने गए थे, तब तक शव वहां नहीं था। जब वह दस बजे वापस लौटे तो दुर्गंध आने पर देखा तो शव पड़ा हुआ था। इससे साफ है कि शव को कहीं और से लाकर यहां फेंका गया है।
बदन पर थे नए कपड़े
मासूम के शरीर पर नीले रंग का डेनिम का नेकर और क्रीम कलर की राउंड नेक वाली टी शर्ट थी। कपड़ों पर खून के धब्बे भी नहीं दिख रहे थे।
शव करीब चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। थाने में किसी बच्चे की गुमशुदगी भी हाल फिलहाल दर्ज नहीं कराई गई है।
संजय वर्मा, सीओ