जसराना में धूमधाम से निकली भगवान राम की बरात
कस्बा जसराना में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की बरात धूमधाम से निकली। आसपास क्षेत्र से तमाम लोग देखने आए। जगह-जगह प्रभु के स्वरूपों की आरती उतारी गई। इस दौरान बडी संख्या में फोर्स मौजूद रहा।
संवाद सहयोगी, जसराना : कसबे में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की बरात धूमधाम से निकली। आसपास के गांवों से भक्तों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान मार्ग में जगह-जगह पर भक्तों ने आरती उतारी। पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
रामबरात का शुभारंभ जसराना विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी ने किया। उन्होंने कहा राम का चरित्र प्रेरणादायक है। कसबे में जगह-जगह पर रामबरात का स्वागत किया। गांव देहात से आए ग्रामीणों की भीड़ बाजार में रही। रामलीला मैदान से दो दर्जन झांकी के साथ शुरु हुई रामबरात देर रात में जनकपुरी में पहुंची। यहां पर राजा जनक एवं जनकपुरी के लोगों ने प्रभु राम एवं बरात का आदर एवं सत्कार किया। बरात में शिव पार्वती नृत्य के साथ में राधा कृष्ण का नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। रामबरात को देखते हुए नगर पालिका भी सुबह से जुटी रही। नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश गुप्ता ने कसबे में सफाई व्यवस्था करा चूने का छिडकाव कराया। कमेटी अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कमेटी के पदाधिकारियों के साथ पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।