दिनदहाड़े रेलवे इंजीनियर के घर लाखों की चोरी
दिनदहाड़े रेलवे इंजीनियर के घर लाखों की चोरी
संवाद सहयोगी, टूंडला: शनिवार को दिनदहाड़े अज्ञात चोर रेलवे इंजीनियर के घर की छत का जाल काटकर लाखों के गहने व नकदी ले गए।
कच्चा टूंडला निवासी शैलेश कुमार पुत्र सोबरन सिंह रेलवे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। शनिवार सुबह वह ड्यूटी पर गए थे। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे पत्नी अर्चना भार्गव, बहन ननद आरती के साथ उनकी मां पुष्पा देवी को दवा दिलाने चली गई। घर पर ताला लगा हुआ था। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस घर लौटी तो घर में अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। छत का जाल भी कटा हुआ था। चोर अलमारी में रखे पच्चीस हजार रुपये, सोने की चार चूड़ी, दस अंगूठी, एक कॉलर, एक चेन, मंगलसूत्र, दो जोड़ी पाजेब, तीन जोड़ी कुंडल ले गए। पीड़िता ने तत्काल घटना से पति को अवगत कराया। पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूत्रों की माने तो घटना के पीछे किसी करीबी का हाथ है। क्योंकि चोरों ने एक घंटे में ही पूरी वारदात को अंजाम दिया। जाल काटने की भी पूरी तैयारी की गई थी। पुलिस घटना के जल्द खुलासे की बात कह रही है।