मुलायम सिंह के समधी को बड़ी राहत: बलवा के मुकदमे में पूर्व विधायक बरी, एमपी-एमएलए कोर्ट ने सुनाया फैसला
पशुपालक की मौत के बाद हुए हंगामे में सरकारी कार्य में बाधा डालने और लोगों को भड़काने का आरोप था, लेकिन साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त किया गया।

स्व. मुलायम सिंह यादव के समधी हैं पूर्व विधायक हरिओम यादव। फाइल
HighLights
पूर्व विधायक हरिओम यादव बलवा मामले में बरी हुए
2018 में सिरसागंज थाने के घेराव का मामला था
साक्ष्य के अभाव में सभी आरोपी दोषमुक्त हुए
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। पशुपालक की मृत्यु के बाद वर्ष 2018 में भीड़ ने सिरसागंज थाने का घेराव करके बलवा किया। मामले में पूर्व विधायक समेत अन्य के खिलाफ थाने का घेराव करने और लोगों को भड़काने, सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन एमपी-एमएलए कोर्ट ने इस मामले में अपराध साबित नहीं होने पर सभी को बरी कर दिया है।
सिरसागंज क्षेत्र के गांव सैनावली के कुछ लोगों ने पशुपालक श्यामवीर की पिटाई कर दी थी। जिससे उनकी मृत्यु हो गई। इससे स्वजन और ग्रामीणों में आक्रोश भड़क गया था। गुस्साए लोगों ने सिरसागंज थाने का घेराव करके प्रदर्शन किया था।
आठ वर्ष पुराने मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने सुनाया फैसला
20 मई 2018 को तत्कालीन थाना प्रभारी रविंद्र कुमार दुबे ने शंभू नगर शिकोहाबाद निवासी पूर्व विधायक हरिओम यादव व उनके बेटे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव, गौरव यादव निवासी लेबर कॉलोनी शिकोहाबाद, रामनरेश निवासी बाह, आगरा व सुरेश कुमार निवासी जेबड़ा मक्खनपुर व अन्य के खिलाफ खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
वर्ष 2018 में पशुपालक की मृत्यु के बाद हुआ था हंगामा
इसमें आरोप लगाया गया कि ये लोग 50-60 अन्य लोगों के साथ आए और ग्रामीणों को पूर्व मंत्री जयवीर सिंह, उनके दोनों बेटे अतुल प्रताप सिंह और सुमित प्रताप सिंह के खिलाफ तहरीर देने के लिए भड़काया। इसके बाद उन्हाेंने ग्रामीणों के साथ थाने का घेराव कर लिया था। कई थानों का पुलिस फोर्स पहुंचने पर पूर्व विधायक अपने पुत्र और ग्रामीणों के साथ भाग गए थे।
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद: झूठा निकला एससी-एसटी मुकदमा, जेई को ब्याज सहित लौटानी पड़ी सहायता राशि
आरोपितों की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता रंजीत शर्मा ने बताया कि अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन एमपी-एमएलए जज अंकुर चौधरी की अदालत ने गवाहों व साक्ष्यों के अभाव में सभी आरोपितों को बरी कर दिया है।