फिरोजाबाद: बेटी को जन्म देने के बाद विवाहिता की मृत्यु, ससुरालीजन घर में ताला लगाकर भागे
फिरोजाबाद में बेटी को जन्म देने के बाद एक 24 वर्षीय विवाहिता की मृत्यु हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, क्योंकि वे घर में ताला लगाकर फरार हो गए।

मृतका शिल्पी का फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। बेटी को जन्म देने के बाद 24 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। गुरुवार रात 11:30 बजे हुई मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आरोप है कि मायके पक्ष के पहुंचने से पहले ही ससुरालीजन घर में ताला लगाकर चले गए।
रानी नगर निवासी 24 वर्षीय शिल्पी की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। बताया गया है कि वह पिछले सात महीने से अपने मायके में रह रही थीं। सरकारी अस्पताल में गुरुवार रात 9:30 बजे बेटी को जन्म दिया था। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे शिल्पी की मृत्यु हो गई। मायके पक्ष के लोग शव लेकर ससुराल पहुंचे तो घर में ताला लगा मिला। इस पर उन्होंने हंगामा किया।
आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले शिल्पी का उत्पीड़न कर रहे थे। इसी के कारण शिल्पी पिछले सात महीने से अपने मायके हिमायूंपुर में रह रहीं थी। इंस्पेक्टर उत्तर थाना रवि त्यागी ने बताया कि मायके वालों के आरोपी की जांच की जा रही है।