उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में दो स्थानों पर बनेगी वृहद गोशाला, 800 गायों की होगी क्षमता
फिरोजाबाद में निराश्रित गोवंशियों के संरक्षण के लिए अरांव क्षेत्र में ताखा और उरावर हस्तपुर में दो वृहद गोशालाओं का निर्माण होगा, जिनकी कुल क्षमता 800 गोवंशी होगी।

गौशाला में बंधीं गायें। (तस्वीर- जागरण आर्काइव)
HighLights
फिरोजाबाद में दो नई वृहद गोशालाओं का निर्माण होगा।
प्रत्येक गोशाला में 400 गोवंशियों को संरक्षित किया जाएगा।
निर्माण कार्य इस महीने के अंत तक शुरू होने की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। निराश्रित गोवंशियों को संरक्षित करने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा अरांव क्षेत्र के ताखा और मदनपुर के उरावर हस्तपुर ग्राम पंचायत के समीप एक-एक वृहद गोशाला का निर्माण कराने का निर्णय लिया गया है।
इसके लिए कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को शासन से बजट मिल गया है। ताखा में जमीन का चिन्हांकन कर लिया गया है, जबकि उरावर हस्तपुर में चिन्हित जमीन पर राजस्व विभाग और वन विभाग के बीच विवाद है।
वर्तमान में जिले में 36 गोशालाएं हैं, जिसमें 13,030 पशु संरक्षित हैं। इसमें वृहद गोशालाओं की संख्या चार है, जो कारीखेड़ा, सांती, बसई मुहम्मदपुर और राेहसी बुजुर्ग में हैं। अब ताखा और उरावर हस्तपुर में भी निर्माण कराने का निर्णय पशुपालन विभाग ने किया है।
इसके लिए जमीन का चिन्हांकन कर लिया गया है। दोनों गोशालाओं में 400-400 गोवंशी संरक्षित किए जा सकेंगे। 1.62-1.62 करोड़ रुपये कार्यदाई संस्था सीएंडडीएस को शासन नेे उपलब्ध करा दिया है। जिले में 36 गोशालाएं होने के बाद भी हाईवे और अन्य मार्गाें पर गोवंशी दिखाई देते हैं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. सोमेश गुप्ता ने बताया कि उरावर हस्तपुर में राजस्व विभाग द्वारा पशुपालन विभाग को उपलब्ध कराई गई जमीन को वन विभाग अपनी बता रहा है। इस समस्या का निदान जल्द हो जाएगा। इस महीने के आखिर तक निर्माण कार्य शुरू हो जाने की उम्मीद है।
100 या इससे कम गोवंशी वाली गोशालाएं दूसरे में समाहित
100 या इससे कम गोवंशी वाली गोशालाएं दूसरे में समाहित कर दी गई है। इससे गोशालाओं की संख्या कम हो गई है। जिले में पहले गोशालाओं की संख्या 69 थी और करीब 12 हजार पशु संरक्षित थे।
नई व्यवस्था के बाद से गोशालाओं की संख्या 36 रह गई हैं। उनमें 13, 030 गोवंशी संरक्षित हैं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि छोटी गोशालाओं को दूसरी में समाहित करने का लाभ यह कि संसाधनाें का बेहतर उपयोग हो सकेगा। पशुओं की देखभाल ठीक तरह हो सकेगी।
गोशालाएं एक नजर में
- वृहद गोशालाएं- 04
- कान्हा गोशाला- 05
- अस्थाई शहरी गोशाला- 04
- अस्थाई ग्रामीण गोशाला- 23
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।