फिरोजाबाद को जल्द मिलेगी 25 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, सोफीपुर में बनेगा डिपो और चार्जिंग स्टेशन
फिरोजाबाद को जल्द ही 25 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी, जिससे शहरवासियों का सफर आसान होगा और डग्गेमार वाहनों पर निर्भरता कम होगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
फिरोजाबाद को मिलेंगी 25 नई इलेक्ट्रिक बसें।
सोफीपुर में बनेगा ई-बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन।
राजा के ताल से दबरई तक होगा बसों का संचालन।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। प्रदेश सरकार द्वारा नगर निगम को पहले चरण में 25 ई-बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। शहर की सड़कों पर ई-बसें दौड़ने से लोगों का सफर आसान हो जाएगा। उनको डग्गेमार वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा में सफर करने के झंझट से भी मुक्त मिलेगी। साथ ही ई-रिक्शा की तेजी से बढ़ती संख्या पर भी अंकुश लग सकेगा।
योगी सरकार ने लखनऊ, कानपुर व आगरा जैसे बड़े महानगरों की तरह फिरोजाबाद में ई-बस संचालन कराने के निर्देश दिए हैं। इसमें बड़े शहरों में 100-100, मथुरा-फिरोजाबाद जैसे शहरों में प्रथम चरण में 25-25 बस संचालन की योजना है।
सरकार की प्राथमिकता पर नगर निगम प्रशासन ने पिछले वर्ष ई-बस सेवा का डिपो के लिए जलेसर रोड पर दाऊदयाल स्टेडियम के निकट पांच एकड़ से अधिक भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव भेजा था, जो शासन स्तर से निरस्त हो गया था। नगर आयुक्त प्रशांत नागर की पहल पर डीएम ने ई-बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए सोफीपुर में 1.215 हेक्टेअर भूमि आवंटित कर दी है।
निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता आरके सिंह ने बताया कि शासन स्तर से प्रथम चरण में 25 ई-बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। ई-टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद छह माह में निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
अभी बस संचालन के लिए रूट निर्धारित नहीं हुए हैं। रोडवेज विभाग द्वारा इन बसों का राजा के ताल से जिला मुख्यालय दबरई तक संचालन कराया जाएगा, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिल सकेगी। इसके निकट ही नगर निगम वाहनों के संचालन के लिए वर्कशॉप भी तैयार कराया जाएगा।
