विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आठ साल की बच्ची को गर्म चिमटे से दागा...होंठ जलाए, फिरोजाबाद में सौतेली मां ने बरपाया कहर

By Yogesh Chauhan Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 25 Nov 2026 05:44 PM (IST)

फिरोजाबाद के कोटकी गांव में एक सौतेली मां ने आठ वर्षीय बच्ची को काम न करने पर गर्म चिमटे से दागकर यातनाएं दीं। नाना की शिकायत पर कोर्ट ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है, हालांकि पुलिस को अभी आदेश नहीं मिला है।

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर।

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर।

संवाद सूत्र, टूंडला (फिरोजाबाद)। गांव कोटकी में सौतेली मां ने आठ वर्षीय बालिका को काम न करने पर यातनाएं दीं। यहां तक कि बर्तन साफ न करने पर गर्म चिमटे से मुंह और होंठ भी दाग दिए। जानकारी होने के बाद करीब डेढ़ माह पूर्व बालिका के नाना ने मामले की शिकायत पचोखरा पुलिस से की, लेकिन फरियाद पर कोई सुनवाई नहीं हुई।

इसके बाद एक माह पूर्व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के यहां कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर कोर्ट ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के आदेश भी कर दिए। इसके बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।

थाना पचोखरा के गांव गढ़ी ठाकुरान निवासी गुरुदयाल ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नगमा खान के न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें बताया कि उनकी बड़ी बेटी महक उर्फ किरन का विवाह वर्ष 2018 में कोटकी निवासी गोपाल शर्मा के साथ हुआ था। वर्ष 2021 में उनकी पुत्री की मृत्यु हो गई। इसके बाद गोपाल ने किरन के मामा की पुत्री शिवानी से दूसरा विवाह कर लिया था।

दादी के निधन के बाद आठ वर्षीय बालिका के साथ प्रताड़ना का सिलसिला बढ़ गया। शिवानी बच्ची से घरेलू काम कराती है। उसे भूखा रखने, पिटाई के साथ करंट भी लगाती है। आरोप है कि 28 सितंबर 2026 को बर्तन साफ करने में कमी निकालते हुए उसके मुंह और होंठ को गर्म चिमटे से दाग दिया। साथ ही उसके साथ गाली-गलौज कर क्रूरता की गई।

फोटो और वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने मामले में जांच कर मुकदमा दर्ज करने के आदेश सोमवार को दिए हैं। थानाध्यक्ष सुरेंद्र भाटी ने बताया कि अभी तक हमारे पास कोर्ट के आदेश की प्रति नहीं आई है। आदेश प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।