विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद में दीपावली से पहले रेडीमेड बाजार में रौनक, ब्रांडेड कपड़ों की बढ़ी मांग; अभी से खरीदारी कर रहे लोग

Published: Sun, 18 Oct 2026 11:25 PM (IST)

फिरोजाबाद के रेडीमेड बाजार में दीपावली से पहले ही रौनक छा गई है, जहां ग्राहक भीड़ से बचने के लिए ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. दीपावली से पहले फिरोजाबाद रेडीमेड बाजार में खरीदारी शुरू।

  2. ग्राहक ब्रांडेड कपड़ों और डिजाइनर परिधानों को प्राथमिकता दे रहे।

  3. कुर्ता, जींस, शरारा, लहंगे और गाउन की भारी मांग।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। भाई साहब ऐसा कुर्ता दिखाओ जो इस जींस पर अच्छा लगे और त्योहार का अहसास भी हो। हल्की कढ़ाई वाला हो तो दिखाओ। रंग हल्का पीला या गुलाबी हो तो बात ही क्या..।

शास्त्री मार्केट में रविवार दोपहर तीन युवक रेडीमेड कपड़े की एक दुकान पर कर्मचारी से इसी तरह बातचीत करते दिखे। उन्होंने कहा कि कुछ दिन बाद दीपावली है। उस समय भीड़ रहती है। कपड़े लेने ही हैं। इसलिए अभी से खरीदारी कर रहे हैं। अभी दुकानों पर पूरा स्टाक है तो पसंद के कपड़े भी आसानी से मिल जाते हैं।

टापाखुर्द क्षेत्र से आए इन युवकों ने बताया कि अब शहर की दुकानों पर ही नामचीन ब्रांड के कपड़े मिल जाते हैं। उनकी ये बात काफी हद तक सही भी थी। कपड़ों के शोरूम पर विभिन्न ब्रांडों के कपड़े उपलब्ध हैं। इनमें यूएस पोलो, किलर, लिवाइस, फ्लाइंग मशीन, ऐरो, क्रिमशन या मुफ्ती जैसे ब्रांड शामिल हैं।

दुकानदारों ने त्योहार और शहर के लोगों की पसंद और क्षमता के अनुसार हर रेंज के कपड़े मंगाए हैं। जलेसर रोड स्थित विजय कलेक्शन में इनमें से कई ब्रांड के फार्मल कपड़े, जींस, शर्ट और टीशर्ट 800 से 4500 रुपये तक में उपलब्ध हैं। कोट-सूट 1099 से 25 हजार रुपये तक के हैं।

दुकानदारों ने बताया कि ग्राहक अब ब्रांड से कपड़े मांगने लगे हैं। सदर बाजार में मोहित फैशन पर लड़कियों के लिए शरारा, लांचा, गाउन, वन पीस मिडी एक हजार से पांच हजार के हैं। वहीं लड़कों के लिए कुर्ता-पजामा, इंडो, कोट सूट, लांग इंडो, जींस शर्ट, बाक्सी शर्ट की मांग है।

लहंगे और गाउन बन रहे अलग पसंद

सदर बाजार, जलेसर रोड स्थित साड़ी की दुकान और शोरूमों पर लहंगे और गाउन महिलाओं की पहली पसंद बन रहे हैं। इस बार हाथ की कढ़ाई के साथ मशीन से तैयार किए गए लहंगों की भी काफी मांग है।

दीपावली को लेकर ग्राहकों की पसंद का ध्यान रखते हुए आधुनिक फैशन व धारावाहिकों में कलाकारों द्वारा पहने जाने वाले कपड़ों की तरह माल मंगाया है। आगरा और दिल्ली में मिलने वाले ब्रांड के कपड़े भी उपलब्ध हैं।

-विष्णु भारद्वाज, रेडीमेड विक्रेता।

त्योहार को लेकर भरपूर वैरायटी के कपड़े विभिन्न डिजाइनों में मंगाए हैं। लोगों की पसंद के हिसाब से ही बिक्री की जा रही है। कई लोगों ने दीपावली की भीड़ से बचने के लिए अभी से खरीदारी शुरू कर दी है।

-अमित कुमार जैन, रेडीमेड विक्रेता।

यह भी पढ़ें- कानपुर में व्यापारी की गुहार; 10 लाख का कारोबार, रेडीमेड कारोबारी को पहुंचा 5 करोड़ का GST नोटिस

यह भी पढ़ें- कागजों पर कमाल: जमुई में रेडीमेड कपड़े की दुकान और साइबर कैफे में खोद दिया मनरेगा का तालाब