विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कागजों पर कमाल: जमुई में रेडीमेड कपड़े की दुकान और साइबर कैफे में खोद दिया मनरेगा का तालाब

Published: Sat, 13 Jun 2026 08:29 PM (IST)

जमुई जिले में मनरेगा योजनाओं में बड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं, जहां तालाब खुदाई के जियो टैग लोकेशन दुकानों और साइबर कैफे जैसी जगहों पर पाए गए हैं।

दहियारी के पिंडारी परसबोनिया में तालाब निर्माण का जियो टैग लोकेशन। (जागरण)

दहियारी के पिंडारी परसबोनिया में तालाब निर्माण का जियो टैग लोकेशन। (जागरण)

HighLights

  1. जमुई में मनरेगा तालाबों के जियो टैग में भारी अनियमितता।

  2. कई तालाबों का लोकेशन दुकानों, साइबर कैफे पर दर्ज।

  3. प्रशासन ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन।

अरविंद कुमार सिंह, जमुई। मनरेगा योजनाओं में अनियमितताओं के जमुई जिले में चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। जियो टैग की पड़ताल में तालाब खोदने की कई योजनाओं का लोकेशन एक ही गड्ढे पर दर्ज पाया गया है, जिससे कागजों पर कई योजनाओं के संचालन और राशि निकासी की आशंका गहरा गई है।

सोनो प्रखंड की ढोढरी पंचायत में सात योजनाओं का जियो टैग लोकेशन एक ही स्थान पर जाकर समाप्त हो रहा है। ढोढरी के साथ ही दहियारी और लालीलेवार पंचायत की कुछ योजनाओं का लोकेशन रेडीमेड कपड़ों की दुकान, साइबर कैफे, किराना दुकान, सड़क और मकानों की छत तक दिखा रहा है। यह बानगी भर है।

जिले के पांच दर्जन से अधिक पंचायतों में ऐसी ही स्थिति है। गहराई से जांच हुई तो बड़ा घोटाला साबित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।

जिले के सोनो प्रखंड अंतर्गत ढोढरी पंचायत की इन योजनाओं का लोकेशन एक जगह होता है समाप्त

मनरेगा योजना विवरण (ढोढरी पंचायत, जमुई)

योजना संख्या मास्टर रोल संख्या योजना का नाम
20732387 5401 गागलीचिप सोहदवा बहियार में तालाब निर्माण
47395 5405 गागलीचिप वाभन आहर की मरम्मति
49459 5407 गागलीचिप पिपरा आहर का जीर्णोद्धार
20695311 5466 गागलीचिप असोता सीमान के निकट तालाब निर्माण
20732371 5413 जटकटवा अमझरी झोपर यादव खेत के निकट तालाब निर्माण
20732339 5748 अमझरी मुदल यादव खेत के निकट तालाब निर्माण
20704980 5964 अमझरी मौजा करमा पहाड़ी के निकट तालाब निर्माण
20704999 5962 तिलवेरिया मौजा ढेमकाटांड में तालाब निर्माण
20611256 5959 तिलवेरिया कब्रिस्तान के बगल पश्चिम में तालाब निर्माण
20704976 5957 अमझरी मौजा लालोतरी में सरकारी जमीन में तालाब निर्माण
20704984 5953 गोरबा मटिहाना कब्रिस्तान के बगल में तालाब निर्माण
20611255 5950 नंदन यादव खेत के बगल में गैरमजरुआ जमीन पर तालाब निर्माण
20704973 5947 अमझरी में सरकारी जमीन पर तालाब निर्माण
20732393 5409 तिलवेरिया आदिवासी बहियार में तालाब निर्माण
20699321 5785 ढोढरी खोसोडीह के निकट गैरमजरुआ जमीन में तालाब निर्माण
20699319 5787 ढोढरी गैरमजरुआ जमीन में तालाब निर्माण
20716263 5765 ढोढरी में जगदीश मंडल खेत के निकट सरकारी जमीन पर तालाब निर्माण
20716257 5629 खारा पत्थर के निकट सरकारी जमीन पर तालाब निर्माण

योजना संख्या 20771442 की ग्राम पंचायत ढोढरी ग्राम जरकटवा में तालाब निर्माण की योजना का लोकेशन चुरहेत पंचायत अंतर्गत बरनार नदी और सोनो - चरकापत्थर पथ के करीब का है।

दहियारी पंचायत अंतर्गत योजना संख्या 20706545 में ग्राम दहियारी के पिंडारी परसबोनिया में तालाब निर्माण की योजना का पता जियो टैग लोकेशन में बटिया बाजार स्थित राजा ड्रेस एवं कोल्ड ड्रिंक की दुकान बता रहा है।

ग्राम असनातरी जहर थान के बगल में तालाब निर्माण की योजना संख्या 20703371 तथा हठबठिया के असनातरी पूरब में तालाब निर्माण योजना संख्या 20711226 भी मनरेगा लूट की कहानी बयां कर रहा है।

यह भी पढ़ें- क्रिकेट खेलते-खेलते मिला 6000 करोड़ का खजाना, जमुई के मंजोष और भट्टा गांव में जल्द शुरू होगा खनन

मामला उनके संज्ञान में नहीं है। इसकी जांच कर दोषी अधिकारी और कर्मी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

-

नवीन, जिला पदाधिकारी, जमुई।