झमाझम बरसे बदरा, खुली निगम की पोल
रविवार सुबह से छाए बादल, दोपहर में जमकर बरसे तो नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। हर ओर जलभराव हो गया।
जेएनएन, फीरोजाबाद : रविवार सुबह से छाए बदरा दोपहर में जमकर बरसे तो नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। शहर की राहों पर पानी भर गया। कई निचले इलाकों में घरों में पानी घुसने से लोग परेशान रहे। करीब दो घंटे तक होने वाली बूंदाबांदी से शहर की राहों पर आवागमन भी प्रभावित रही।
रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। हालांकि दोपहर 12 बजे करीब धूप भी निकली, इससे उमस में इजाफा हो गया, लेकिन एक बजे करीब फिर से बादल छाने से लोगों को राहत मिली। दोपहर दो बजे करीब घने बादल छाने के साथ में अंधेरा छा गया। तीन बजे करीब तेज बूंदाबांदी शुरू होने के बाद झमाझम बारिश हुई। इससे गर्मी से राहत मिली। कुछ ही देर में बोधाश्रम सहित निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। शहर की सर्विस रोड पर भी जलभराव होने से राहगीर परेशान रहे। तीन बजे से पांच बजे तक होने वाली बरसात से राहगीर भी खासे परेशान रहे। को¨चग से लौट रही छात्राएं घंटों ओवरब्रिज के नीचे तथा दुकानों पर खड़ी रहीं। वहीं कई राहगीरों ने भीगते हुए सफर तय किया। इधर देहात क्षेत्र में भी बरसात से जगह-जगह पर जलभराव की स्थिति बन गई।
टूंडला में चटकी दीवार, कई घरों में घुसा पानी :
टूंडला में भी झमाझम बरसात से क्षेत्रीयजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गांव चुल्हावली में मुकेश सोलंकी के घर की दीवार चटक गई। इससे बरसात का पानी घर में घुस गया। ग्रामीणों ने पहुंच कर पानी निकाला। वहीं बरसात से नगर की शिवपुरी कॉलोनी, शिवनगर, गणेश नगर समेत आधा दर्जन से अधिक मुहल्लों में जलभराव हो गया।