फिरोजाबाद में भतीजे ने चाचा के नाम पर लिए 29 लोन, 1 करोड़ का बीमा करा बेटी को बनाया नॉमिनी; 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज
फिरोजाबाद में एक भतीजे ने अपने चाचा के स्कूटी लोन के बहाने दस्तावेज लेकर 1.31 करोड़ रुपये के 29 लोन ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
भतीजे ने चाचा के नाम पर 1.31 करोड़ के 29 लोन कराए।
चाचा का 1 करोड़ का बीमा करा बेटी को नॉमिनी बनाया।
धोखाधड़ी के आरोप में 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। स्कूटी का लोन करवाने के नाम पर भतीजे ने चाचा के दस्तावेज ले लिए। उन दस्तावेजों पर अलग-अलग बैंक और फाइनेंस कंपनियों से 1.31 करोड़ के 29 लोन ले लिए। इसके साथ ही चाचा का एक करोड़ रुपये का बीमा करवाकर अपनी बेटी को नामिनी बना दिया। शिकायत के आधार पर जांच के बाद पुलिस ने 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रागिनी शर्मा ने दर्ज मुकदमे में कहा है कि उनके ससुर जितेंद्र शर्मा बजरंग ट्रेडर्स नाम से आटो पार्ट्स का व्यापार करते हैं। उन्होंने लोन पर स्कूटी लेने के लिए आवेदन किया था। इसकी भनक लगने पर दुकान पर काम करने वाले रिश्ते के भतीजे विवेक शर्मा ने साजिश रची। लोन पास कराने का झांसा देकर आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल फोन ले लिया।
क्या आरोप लगाए?
आरोप है कि विवेक ने अलग-अलग बैंकों में 29 खाते खुलवाकर विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से 1.31 करोड़ रुपये का लोन ले लिया। जब लोन के नोटिस घर पर आना शुरू हुए तो धोखाधड़ी का पता चला। विवेक ने जितेंद्र शर्मा का एक करोड़ का बीमा करवाया और अपनी बेटी को उनकी बेटी दिखाते हुए नामिनी बनवा दिया।
यह भी पढ़ें- यूपी में घर खरीदने वालों की हुई मौज, RERA ने 8 जिलों के लिए 1226 करोड़ की परियोजनाओं को दी मंजूरी
इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर विवेक शर्मा, उनकी पत्नी नीतू शर्मा, बेटी सौम्या शर्मा व प्रिंसी शर्मा के अलावा सहयोगियों सलमान, फुरकान, राजा बाबू, पवन कुमार, रोहित वशिष्ठ, अरुण कुमार, जितेंद्र कुमार समेत 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
