सरसों के तेल ने निकाला दम, दाम में आया बड़ा उछाल; चावल की चाल भी कम नहीं
फिरोजाबाद में सहालग के बीच महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। सरसों का तेल 200 रुपये के पार, चावल और दालों के दाम भी बढ़ गए हैं, जिससे मध्यम वर्गीय परिवार परेशान हैं।
-1795529789145_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। सहालग के सीजन के बीच महंगाई ने एक बार फिर आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। पिछले 15 दिनों के भीतर सरसों का तेल 200 के पार तो चावल पर 15 और दालों पर दो से पांच रुपये की तेजी आई है। इसके अलावा अमूल मक्खन की आवक की कमी के कारण शहर के दुकानदारों द्वारा इसकी बिक्री निर्धारित मूल्य से अधिक दामों में की जा रही है।
महंगाई के कारण मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई के खर्च को बढ़ाना पड़ रहा है। थोक में सामान महंगा मिलने के कारण फुटकर दुकानदार भी उस सामग्री को अधिक दाम पर बेच रहे हैं। इस सीजन में महंगाई ने गृहणियों को परेशान कर दिया है। सरसों के तेल के भाव 180 रुपये से 215 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। खुला तेल भी 220 रुपये किलो बिक रहा है।
इसके अलावा बासमती चावल पर 10 से 15 और सामान्य चावल पर पांच रुपये किलो तक की बढ़त हुई है। वैसे तो लाेग चावल से पेट भर लिया करते थे। अब महंगाई से वह चावल भी महंगा मिल रहा है। इसी तरह हर प्रकार की दालों पर दो से पांच रुपये किलो की बढ़त हुई है।
इन पर बढ़े दाम
खाद्य पदार्थ- एक माह पहले- अब (प्रति रुपये किलो)
- चावल बासमती-80-85-90
- पिस्ता-1000-1400
- अखरोट मिगी-800-900
- बादाम मिगी-800-900
- रिफाइंड-2400-2500-2670-2700 (रुपये प्रति टिन)सरसों का तेल-180-220