फिरोजाबाद: रिश्तों में शक, पति ने पत्नी और युवक पर ताबड़तोड़ दागीं गोलियां, गिरफ्तार
फिरोजाबाद के कोटला चुंगी चौराहे पर घरेलू विवाद में पति ने पत्नी और एक युवक पर लाइसेंसी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ ...और पढ़ें

चार गोलियां लगने के बाद अस्पताल पहुंची पत्नी।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। प्रतिष्ठित तैलंग परिवार में दंपती के बीच घरेलू विवाद ने मंगलवार रात 9.45 बजे खूनी रूप ले लिया। कोटला चुंगी चौराहे के पास पति ने पत्नी और इंटरनेट प्रोवाइडर पर लाइसेंसी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वे दोनों भागे तो उनके पीछे दौड़ते हुए भी फायरिंग की। जिससे बाजार में दहशत फैल गई। पत्नी को तीन और युवक को दो गोली लगीं।
जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। इसी दौरान चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हमलावर को दौड़ाकर पकड़ लिया। रिवाल्वर भी बरामद कर ली है। घायलों को पुलिस सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा। वहां से युवक को आगरा रेफर कर दिया गया।
थाना उत्तर के मोहल्ला मथुरा नगर के गुंजन एन्क्लेव निवासी 35 वर्षीय शिप्रा तैलंग की शादी 10 वर्ष पहले कोटला चुंगी के निकट रहने वाले ऋषभ उर्फ बंटी तैलंग के साथ हुई थी। बंटी इंटर कालेज के संचालक हैं। दंपती के बीच दो वर्ष से विवाद चल रहा था। इसकी वजह से शिप्रा मायके में रह रही है। वह मंगलवार रात पौने 10 बजे अपनी रिश्ते की ताई के पास आईं थीं।
वह ताई के घर किराए की दुकान चलाने वाले इंटरनेट प्रोवाइडर सनी ठाकुर निवासी द्वारिकापुरी से बात कर रहीं थीं। तभी वहां ऋषभ रिवाल्वर लेकर पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी। बचने के लिए दोनों दुकान से निकल कर भागे तो ऋषभ भी उनके पीछे फायरिंग करते हुए दौड़ा।
आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग से बाजार में भगदड़ मच गई। चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और भाग रहे आरोपित को पकड़ लिया। मौके से जमीन पर पड़ी रिवाल्वर भी बरामद कर ली। सूचना पर एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ सिटी संतोष कुमार, इंस्पेक्टर रवि त्यागी और दक्षिण इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे। घायलों को सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा गया।
सनी के एक गोली सीने में बीचोबीच नीचे की तरफ और एक गोली दाहिनी तरफ पसली के नीचे लगी है। हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया गया। वहीं शिप्रा के एक गोली बांये कंधे में, एक पेट में और एक गोली बायीं तरफ पसली में लगी है। वहीं एक गोली हाथ को छूते हुए निकल गई।
शिप्रा ने बताया कि उनका पति से विवाद चल रहा है। इसी संबंध में ससुराल वालों से बात करने के लिए ताई ने घर पर बुलाया था। तभी पति पहुंचा और फायरिंग कर दी।
दहशत में आए लोग
रात के पौने दस बजे थे। रामलीला मैदान में एक घंटे पहले ही रामलीला का मंचन समाप्त हुआ था, लेकिन मेला देख कर लौटने वाले अब भी आ जा रहे थे। इसी दौरान कोटला चुंगी चौराहा और इसके आसपास रहने वाले लोगों ने जो दृश्य देखा उससे दहशत में आ गए।
पहली गोली चलते ही लोगों का ध्यान घटना स्थल पर गया। कुछ सेकंड बाद ही दुकान के अंदर से महिला और दुकानदार चीखते हुए बाहर भागे। पीछे-पीछे महिला का पति फायरिंग करते हुए दौड़ रहा था
शिप्रा के हैं दो बेटे
शिप्रा को गोली लगने की जानकारी होने पर स्वजन सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचे। भाई शशांक ने बताया कि शिप्रा के दो बेटे हैं। पति का किसी अन्य महिला से संबंध होने पर विवाद हुआ था। इसके बाद वह मायके में रहने लगी थी। दोनों बच्चे भी उनके साथ ही रहते हैं।
