विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक मोहब्बत ऐसी भी! प्रेमी न दिखे तो 'बाबू-बाबू' चिल्लाने लगती है, शादी की जिद पर प्रेमिका ने तुड़वा लिए दोनों पैर

Published: Sat, 26 Sep 2026 04:32 PM (IST)

खैरगढ़ में प्रेम विवाह से इनकार करने पर एक युवती ने कुएं में छलांग लगा दी, जिससे उसके दोनों पैर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. प्रेम विवाह से इनकार पर युवती ने कुएं में लगाई छलांग।

  2. कुएं में पानी न होने से युवती के दोनों पैर टूटे।

  3. प्रेमी ने बिस्किट खिलाकर अनशन तुड़वाया, परिवार शादी को राजी।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। खैरगढ़ में स्वजन के प्रेम विवाह से इनकार करने पर युवती ने कुएं में छलांग लगा दी। पानी नहीं होने के कारण युवती के दोनों पैर टूट गए। इस घटना से परिवार में चीखपुकार मच गई। चाचा ने कुएं में घुसकर उसे निकाला। इसके बाद जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है।

शादी की जिद पर अड़ी युवती ने वहां कुछ भी खाने से मना कर दिया। इस बीच अस्पताल पहुंचे प्रेमी ने अपने हाथों से बिस्किट खिलाकर उसका अनशन तुड़वाया। अब दोनों के स्वजन शादी के लिए तैयार हो गए हैं। मामला चर्चा का विषय बन गया है।

यह है पूरा मामला

खैरगढ़ के एक गांव में युवक-युवती के बीच एक वर्ष से प्रेम संबंध हैं। इंटरमीडिएट पास युवती और आईटीआई कर रहे युवक ने साथ-साथ जिंदगी बिताने का निर्णय लिया, लेकिन बुधवार को युवती के स्वजन ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने स्वजन से बहस करने के बाद गांव के पास ही स्थित कुएं में छलांग लगा दी।

युवती को चाचा ने कुएं में कूदता देख शोर मचाया, जिससे मौके पर भीड़ जुट गई। वर्षों से सूखे पड़े 40 फीट गहरे कुएं में ग्रामीण अपने अनुपयोगी रजाई-गद्दे फेंक देते हैं, जिससे युवती की जान बच गई। रस्सी के सहारे अंदर घुसे चाचा ने युवती को बाहर निकाला, लेकिन वह अपने पैरों पर खड़ी नहीं हो पा रही थी। इसलिए उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

डॉक्टर ने स्वजन से उसे कुछ खिलाने के लिए कहा, लेकिन युवती ने मना कर दिया। इस दौरान प्रेमी युवक अपने स्वजन के साथ अस्पताल पहुंच गया। उसने अपने हाथ से युवती को बिस्किट खिलाया।

अस्पताल में ही दोनों परिवारों के बीच शादी की बातचीत हुई और वह तैयार हो गए। खैरगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार मिश्रा ने बताया ग्रामीणों से मिली जानकारी के बाद जांच की जा रही है। स्वजन ने शिकायत नहीं की है।

प्रेमी के दूर होते ही पुकारने लगती प्रेमिका

चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में प्रेमिका का अजीब व्यवहार देखने को मिला। वार्ड में मां और अन्य स्वजन उपस्थित थे, लेकिन प्रेमिका का ध्यान सिर्फ अपने प्रेमी पर था। जैसे ही वह नजरों से ओझल होता, वह उसे बाबू कहकर पुकारने लगती। स्वजन को छोड़कर प्रेमी पर उसका अटूट विश्वास चिकित्सालय में भी चर्चा का विषय बना रहा।

यह भी पढ़ें- ताजमहल के बाद शाहजहां की मोहब्बत का एक और प्रमाण! 4x4 इंच के 'प्रेम पत्र' में महबूबा के हुस्न का ऐसा वर्णन... पढ़कर आप भी कहेंगे वाह-वाह

यह भी पढ़ें- VIDEO: मोहब्बत हत्याकांड के कारण चर्चित मेरठ के होटल अविका में भीषण आग, कई वाहन जलकर राख; करोड़ों का नुकसान