विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद: अंधेरी दुकान में पत्नी और प्रेमी, शराब और गिलास; आपा खो बैठा था गोलियां बरसाने वाला पति

By Rajeev Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 07 Oct 2026 08:43 PM (IST)

फिरोजाबाद में पति ने पत्नी और उसके प्रेमी पर फायरिंग की, जिससे दोनों घायल हो गए और पति को जेल ...और पढ़ें

जान बचाने के लिए भागती पत्नी पर गोलियां बरसाता पति और इनसेट में पति और पत्नी के फोटो।

जान बचाने के लिए भागती पत्नी पर गोलियां बरसाता पति और इनसेट में पति और पत्नी के फोटो।

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। कोटला चुंगी चौराहा के पास पति द्वारा पत्नी और उसके प्रेमी पर मंगलवार रात की गई फायरिंग की घटना बुधवार को हर जगह चर्चा का केंद्र रही। पति को पत्नी पर पहले से शक था। रात में जब वह घर से निकली तो पति भी दो बेटों के साथ पीछे-पीछे आया। प्रेमी की दुकान के अंदर अंधेरे में पत्नी को बैठा देखते ही उसने आपा खो दिया। पहले प्रेमी और फिर पत्नी पर दनादन गोलियां बरसाईं।

जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने बुधवार को पति को जेल भेज दिया है। मामले में प्रेमी की पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया है। फायरिंग का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। थाना उत्तर के टापा खुर्द निवासी 35 वर्षीय ऋषभ तैलंग प्रतिष्ठित परिवार से हैं। उनके बाबा पीके तैलंग जिला बनने से कांग्रेस के 32 वर्ष शहर अध्यक्ष रहे थे। ऋषभ का उनकी पत्नी शिप्रा तैलंग से विवाद चल रहा है।

इसलिए वह तीन वर्षों से अपने गुंजन एन्क्लेव स्थित मायके में रह रहीं थीं, लेकिन कुछ महीने पहले फिर से ससुराल आ गईं। मंगलवार रात नौ बजे करीब वह घर से यह कहकर निकलीं कि वह वकील से मिलने जा रही हैं। शक होने पर ऋषभ अपने 10 और आठ वर्षीय बेटों के साथ बाइक से पीछे-पीछे निकला।

सीधे जितेंद्र उर्फ सनी ठाकुर निवासी द्वारिकापुरी की कोटला चुंगी चौराहा के निकट स्थित इंटरनेट सर्विस की दुकान पर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था और अंधेरा हो रहा था। खटखटाने पर सनी बाहर निकला। ऋषभ ने अंदर जाकर लाइट जलाई तो शिप्रा कुर्सी पर बैठी थीं। मेज पर शराब की बोतल और एक गिलास रखा हुआ था। सनी ने अंदर जाने का विरोध किया तो पहले उनके बीच हल्की हाथापाई हुई।

इसके बाद ऋषभ ने लाइसेंसी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ छह राउंड फायरिंग की। दो गोली सनी और चार गोली शिप्रा के लगीं। जिससे दोनों घायल हो गए। दाेनों को आगरा रेफर किया गया है। हमलावर को चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी ने स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया था और रिवाल्वर भी बरामद हुई गई थी। इस मामले में सनी की पत्नी शिवा ने जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है।

इसमें घटना का कारण नहीं लिखा गया है। इस बीच बुधवार को एक वीडियो प्रसारित हुआ है। जिसे ऋषभ सनी और शिप्रा पर फायरिंग करते दिख रहा है। इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि ऋषभ को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। उसकी पत्नी की हालत ठीक है, लेकिन सनी की स्थिति चिंताजनक है।