फिरोजाबाद में एन्काउंटर, हत्या के मामले में सलमान खान गिरफ्तार; पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद के सिरसागंज में एक युवक की हत्या के मामले में वांछित आमिर उर्फ सलमान खान को पुलिस ने मुठभेड़ ...और पढ़ें
-1794540779698_m.webp)
मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल सलमान खान को अस्पताल ले जाती पुलिस।
HighLights
पुलिस मुठभेड़ में आरोपित के पैर में लगी गोली।
घटना में प्रयुक्त बाइक और हथियार बरामद किए गए।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। सिरसागंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव फेंकने के मामले में वांछित आरोपित आमिर उर्फ सलमान खान को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। बुधवार देर रात अहमदपुर बंबा के पास हुई मुठभेड़ में आरोपित के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को सिरसागंज क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। बाद में उसकी पहचान बरेली जिले के शीशगढ़ निवासी फईम अहमद के रूप में हुई। मामले में हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में आमिर उर्फ सलमान खान निवासी अहमदपुर नामजद था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं।
बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित घटना में प्रयुक्त बाइक और अन्य सामान छिपाने की फिराक में जा रहा है। इस पर नगला छोटे से शिकोहाबाद जाने वाले मार्ग पर चेकिंग शुरू की गई। अहमदपुर बंबा के पास बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स बाइक, हत्या में प्रयुक्त सूजा, खून से सने कपड़े, मृतक का क्षतिग्रस्त मोबाइल और पर्स बरामद किया है।