20 साल तक चक्कर काटते-काटते थक गया बुजुर्ग, फिरोजाबाद में डीएम ऑफिस पर उड़ेला पेट्रोल
फिरोजाबाद में 20 साल पुराने जमीन विवाद से परेशान एक 62 वर्षीय बुजुर्ग ने डीएम कार्यालय पर खुद को आग लगाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने समय रहते उन्हें बचा लिया, जिसके बाद डीएम ने उनकी शिकायत सुनकर एसडीएम को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस अभिरक्षा में लिए गए बुजुर्ग।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। 20 साल तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट-काटकर थक चुके बुजुर्ग ने खुद को जिंदा जलाने का प्रयास किया। प्लाट के विवाद की शिकायत लेकर डीएम से मिलने पहुंचे वृद्ध ने शुक्रवार दोपहर कार्यालय के बाद पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। वह माचिस जलाते इससे पहले वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने वृद्ध को पकड़ लिया।
शोर सुनकर अधिकारी भी अपने कार्यालयों से बाहर आ गए और वृद्ध को समझाया। डीएम ने वृद्ध की शिकायत को सुनकर एसडीएम को उचित कार्रवाई का आदेश दिया। सिरसागंज के गांव टोडसी निवासी 62 वर्षीय रमेशचंद्र शुक्रवार दोपहर 12 बजे डीएम संतोष कुमार शर्मा से शिकायत करने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे थे। डीएम कार्यालय के बाहर रमेशचंद्र ने बोतल रखी पेट्रोल को अपने ऊपर डाल लिया।
इससे वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई। वह माचिस जलाते इससे पहले वहां तैनात पुलिसकर्मी व होमगार्ड ने उन्हें पकड़ लिया। शोर सुनकर एसडीएम के साथ निर्वाचन कार्यक्रम से वापस लौटीं एडीएम वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल सहित अन्य अधिकारी माैके पर पहुंच गए। वृद्ध को डीएम कार्यालय कक्ष में ले जाया गया।
डीएम संतोष कुमार शर्मा ने अपने कार्यालय कक्ष में बैठाकर बुजुर्ग को पानी पिलाने के साथ शिकायत को सुना। डीएम ने एसडीएम सिरसागंज को बुजुर्ग की बात सुनकर समस्या समाधान करने के निर्देश दिए। बुजुर्ग ने बताया कि 20 अप्रैल 2006 को गांव निवासी जगदीश से प्लाॅट 57 हजार रुपये में खरीदा था। बैनामा करने के जगह स्टांप पर लिखा-पढ़ी करा ली थी।
आरोप है कि जगदीश के बेटे ने प्लाट सत्यदेव के बेटे के नाम बिक्री कर दिया। उनका कहना है कि प्लाट पर उनका कब्जा है, दूसरे खरीदार अब परेशान कर रहे हैं। आए दिन धमकी देते हैं। शिकायत पर लेखपाल ने जांच तो की, लेकिन कार्रवाई आज तक नहीं हुई।
डीएम ने पुलिस सुरक्षा में वृद्ध को गांव भेजा। सूचना पर पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच की। इंस्पेक्टर सिरसागंज अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।