Firozabad Crime : दो बच्चाें की मां, मायके जाने के बहाने ढूंढ़ती थी शिकार, लुटेरी दुल्हन गैंग सहित गिरफ्तार
Firozabad Crime दो बेटों को भाई और सहेली को बहन बताकर आगरा में की थी शादी। गैंग वसूल चुका था 1.60 हजार रुपये पति के मुकदमे से हुआ राजफाश। दो बच्चाें की मां है और ससुराल से मायके कोलकाता जाने की कहकर निकलती थी। उसके बाद खाेजती थी शिकार।
फिरोजाबाद, जागरण संवाददाता। वो दो बच्चों की मां है। पति से मायके कोलकाता जाने की कहकर घर से जाती और फिर गैंग के साथ मिलकर शिकार खोजती। शादी रचाती और कुछ दिन बाद गैंग खेल शुरू कर देता। रात मौका मिलकर जेवर और पैसे समेटकर फरार हो जाती। अबकी बार आगरा में शादी की, लेकिन घर से निकल नहीं पाई तो पति को बंधक बनाए जाने का फोन कर दिया। पति थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज करवाई, जब पुलिस आगरा पहुंची तो पूरा खेल खुल गया। लुटेरी दुल्हन और उसके साथी पकड़े गए।
कोलकाता की है मूल निवासी
मंगलवार को पत्रकार वार्ता में एसपी ग्रामीण कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि शिकोहाबाद के गांव दिखतौली निवासी हरीबाबू की शादी दस साल पहले कोलकाता की रहने वाली कल्पना के साथ हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। कुछ साल पहले कल्पना ने दोस्त मालती नागर निवासी नई आबादी रेहना उत्तर और गोपाल निवासी शेरपुर भूड़ा के साथ मिलकर गैंग बनाया। गोपाल और संगीता किसी ऐसे कुंवारे की तलाश करते जो शादी के लिए लड़की तलाश कर रहा था। शादी में खर्च के नाम पर रकम तय करता था।
फर्जी आधार बनवाए
इसके लिए उन्होंने फर्जी आधार बनवा रखे थे। कल्पना के पास आरती उपाध्याय और मालती के पास संगीता उपाध्याय के नाम का आधार कार्ड था। तीन माह पहले कल्पना पति को यह बताकर गई कि वह बच्चों के साथ मायके कोलकाता जा रही है और कुछ महीने बाद लौटेगी। इसी बीच गोपाल और मालती ने मिलकर ताजगंज आगरा के संजीव दीक्षित से उसकी शादी करवा दी।
मालती बड़ी बहन बनी और कल्पना के दो बच्चों को उसके छोटे भाई बता दिया। इसके लिए संजीव से 1.60 लाख रुपये लिए गए। कल्पना जेवर और पैसा समेटकर फरार होने की तैयारी थी, लेकिन घर से नहीं निकल पाई। इसके बाद गोपाल ने संजीव को धमकाना शुरू कर दिया और एक लाख की मांग शुरू कर दी। बदनामी के डर से संजीव के परिवार ने किसी को जानकारी नहीं दी।
ऐसे खुली गैंग की पोल
पत्नी कल्पना के कोलकाता न पहुंचने की जानकारी पर हरीबाबू ने तीन अक्टूबर को शिकोहाबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। पुलिस उसकी जांच कर रही थी। दो दिन पहले कल्पना ने अपने पति हरीबाबू को फोन किया कि ताजगंज का संजीव दीक्षित उसे बहलाफुसलाकर भगा ले गया है और अब उसे बंधक बना लिया है। पुलिस ने दबिश देकर कल्पना को बरामद कर लिया और संजीव को भी पकड़ लिया।
संजीव ने शादी की कहानी सुनाई और तस्वीरें दिखाई। इसके बाद ही गैंग की पोल खुल गई। एसपी ग्रामीण ने बताया कि कल्पना, मालती और गोपाल को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पत्रकार वार्ता में सीओ शिकोहाबाद कमलेश कुमार, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार उपस्थित रहे।