विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद के BSF जवान ने पंजाब में पत्नी की कर दी हत्या, फिर खुद भी दे दी जान

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 11 Sep 2026 01:03 PM (IST)

पंजाब के फाजिल्का में एक बीएसएफ जवान ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या करने के बाद खुद भी फंदा ...और पढ़ें

बीएसएफ आरक्षी दिनेश कुमार और पत्नी पिंकी के फाइल फोटो।

बीएसएफ आरक्षी दिनेश कुमार और पत्नी पिंकी के फाइल फोटो।

संवाद सूत्र, मक्खनपुर (फिरोजाबाद)। पंजाब के फाजिल्का में सरकारी क्वार्टर में रह रहे बीएसएफ जवान ने बुधवार रात पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सनसनीखेज वारदात की जानकारी सांती में रह रहे स्वजन को मिली तो घर में कोहराम मच गया। स्वजन पंजाब के लिए रवाना हो गए।

थाना क्षेत्र के गांव सांती निवासी 38 वर्षीय दिनेश कुमार बीएसएफ में आरक्षी के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी तैनाती पंजाब के फाजिल्का में थी। बीएसएफ कैंपस स्थित सरकारी क्वार्टर में वह 36 वर्षीय पत्नी पिंकी देवी और 12 वर्षीय बेटी अनुष्का बघेल और सात वर्षीय बेटे जयादित्य बघेल के साथ रह रहे थे

बुधवार रात ड्यूटी से घर आने के बाद किसी बात को लेकर बीएसएफ जवान ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह बेटी ने माता-पिता के शव देखकर शोर मचाया। पड़ोसियों की सूचना पर बीएसएफ के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची।

दंपती की मृत्यु की सूचना सांती में रह रहे स्वजन को मिली तो घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में स्वजन फाजिल्का के लिए रवाना हो गए। हत्या और आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मक्खनपुर थानाध्यक्ष चमन शर्मा ने बताया गुरुवार सुबह बीएसएफ अधिकारियों ने पत्नी की हत्या और बीएसएफ जवान द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना दी थी। जिसकी जानकारी स्वजन को दी गई है।

इसी वर्ष पत्नी और बच्चों को ले गए थे साथ

मूलरूप से सांती निवासी दिनेश कुमार पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी पत्नी बच्चों के साथ गांव में ही रहती थीं और क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में टीचर के रूप में तैनात थीं

स्वजन के अनुसार छह महीने पहले ही दिनेश कुमार बच्चों और पत्नी को अपने साथ फाजिल्का ले गए थे। स्वजन का कहना है कि पता नहीं दंपती के बीच ऐसा क्या हुआ हो इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया। कभी दिनेश ने किसी भी परेशानी का जिक्र स्वजन से नहीं किया था।