फिरोजाबाद में 41 लाख की लूट के बाद तेज रफ्तार बनी काल, डंपर से टकराई बदमाशों की कार; कैश व पिस्टल बरामद
फिरोजाबाद में पशु व्यापारी से 41 लाख रुपये लूटकर भागे बदमाश मुरैना में दुर्घटनाग्रस्त हो गए। उनकी कार डंपर से ...और पढ़ें
-1789585395778_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
फिरोजाबाद में पशु व्यापारी से 41 लाख रुपये की लूट।
भागते समय मुरैना में बदमाशों की कार डंपर से टकराई।
घायल बदमाशों से कैश और दो पिस्टल बरामद की गईं।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। मंगलवार रात पशु व्यापारी से 41 लाख कैश लूटकर भागे कार सवार बदमाशों की तलाश में पुलिस भटकती रही। बदमाश जिले की सीमा से निकलने के बाद ग्वालियर की ओर भाग गए। सुबह चार बजे मुरैना में उनकी कार डंपर से भिड़ गई। गंभीर रूप से घायल चारों बदमाशों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। कार में कैश और पिस्टल मिलने के बाद शाम को होश में आने पर पूछताछ के बाद मामला खुल गया।
मुरैना पुलिस की सूचना पर टीम रवाना हो गई है। लुटेरे भोपाल के रहने वाले हैं। पशुओं की खरीद-बिक्री करने वाले जान मोहम्मद मंगलवार रात दो बजे दो साथियों के साथ व्यापार के सिलसिले में इटावा जाने के लिए निकले थे। उनके पास 41 लाख रुपये कैश था। रात 1:45 बजे घर से दो सौ मीटर दूर रसूलपुर क्षेत्र में पीछे से आए कार सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। पिस्टल दिखाकर कैश लूटा और भाग निकले।
लूट की घटना पर कई थानों की पुलिस पहुंची और घेराबंदी की, लेकिन पता नहीं चला। उधर, ग्वालियर की तरफ भागे बदमाशों की कार बुधवार सुबह चार बजे मुरैना में बैरियर चौराहा के पास डंपर से टकरा गई। पुलिस ने कार सवार घायलों को जिला अस्पताल भेजा। वहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया। कार की तलाशी में सीटों के नीचे से दो पिस्टल और अन्य हथियार के साथ कैश से भरा बैग मिला।
उपचार के बाद पूछताछ में फिरोजाबाद से लूट की जानकारी हुई। एसपी मुरैना धर्मराज मीना ने एसएसपी आदित्य लांग्हे को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीम को ग्वालियर रवाना कर दिया गया। बदमाशों की पहचान भोपाल के ऐशबाग स्टेडियम के पास रहने वाले आबिद, आसिफ खान, रेहान खान साहिद खान के रूप में हुई है।
