किशोर ने सिर में गोली मार की खुदकशी
उत्तर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम घर पर अकेले किशोर ने सिर में गोली मार कर आत्महत्या कर ली। कारणों का पता नहीं चल सका है।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: उत्तर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम घर पर अकेले किशोर ने तमंचे से सिर में गोली मार ली। गोली की आवाज पर पहुंचे पड़ोसियों ने परिजनों को सूचना दी। ट्रामा सेंटर से रेफर किए जाने पर आगरा ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
श्रीपाल कॉलोनी निवासी करन (17) पुत्र सुरेश शुक्रवार की शाम पांच बजे घर पर अकेला था। मां जान्हवी बौद्ध आश्रम रोड पर स्थित अपने ब्यूटीपार्लर पर गई थीं। बड़ा भाई वरुण एवं पिता बाजार गए थे। करन ने घर के आंगन में तमंचे से सिर में गोली मार ली। गोली की आवाज सुन पड़ोसी चौंके। दौड़कर सुरेश के घर में पहुंचे तो करन लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। पड़ोसियों ने परिजनों को फोन किया तो वह रोते-बिलखते घर पहुंचे। आनन-फानन में परिजन उसे सरकारी ट्रामा सेंटर जाए। चिकित्सक डॉ. राहुल जैन ने गंभीर हालत देखकर उसे आगरा रेफर कर दिया। आगरा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार दुबे ने बताया कि गोली मारने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।