पत्नी को मारने का बनाती थी दबाव, इसलिए प्रेमिका को मार डाला
संवाद सहयोगी, फीरोजाबाद: गुरुवार रात शहर के प्रेमनगर में विवाहिता की हत्या में नामजद आरोपित ने गुनाह
संवाद सहयोगी, फीरोजाबाद: गुरुवार रात शहर के प्रेमनगर में विवाहिता की हत्या में नामजद आरोपित ने गुनाह कुबूल कर लिया है। बताया कि दोस्त की पत्नी से दो साल से संबंध थे। वह पत्नी को मार डालने की जिद करती थी। इसी बात को लेकर रात में विवाद हुआ। गुस्से में उसने गला घोट दिया।
एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि रसूलपुर के प्रेमनगर निवासी ज्वाला प्रसाद की पत्नी रेखा की हत्या गुरुवार रात हुई थी। ज्वाला प्रसाद के दोस्त रामअवतार निवासी जमालपुर के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था। ज्वाला प्रसाद इन दिनों पानीपत में कपड़े की फेरी लगाता है। पूछताछ में रामअवतार ने बताया कि दो साल पहले ज्वाला से उसकी दोस्ती हुई। घर आना-जाना हुआ तो उसकी पत्नी रेखा से संबंध हो गए।
गुरुवार की रात दस बजे वह रेखा के घर पहुंचा। तब तक उसके बच्चे सो चुके थे। रेखा उससे बार-बार कहती थी कि वह अपनी पत्नी को मार दे। इसके बाद दोनों मिलकर ज्वाला को रास्ते से हटा देंगे। वह इसके लिए तैयार नहीं था। गुरुवार को इसी बात पर बहस हुई। गुस्से में रेखा फांसी लगाने लगी। तैश में आकर उसने रेखा की गला घोटकर हत्या कर दी। पत्रकार वार्ता के दौरान सीओ सिटी हरिमोहन सिंह, इंस्पेक्टर फतेहबहादुर सिंह भी मौजूद रहे। संबंध बनाने के लिए बनाई रिश्तेदारी:
रामअवतार को रेखा पहली नजर में भा गई थी। उसने संबंध बनाने के लिए रेखा की चचेरी बहन की शादी अपने भाई से करवा दी। रिश्तेदारी होने के बाद वह बे-रोकटोक आने-जाने लगा। इसी बीच दोनों के संबंध भी हो गए।