निगम वाहनों को फिर नहीं मिला डीजल, लगे रहे गंदगी के ढेर
नगर निगम के वर्कशाप में साढ़े छह सौ के सापेक्ष मात्र दो सौ लीटर डीजल की आपूर्ति हुई। बकाया का भुगतान न होने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। इसके चलते कई वाहन वर्कशॉप से बाहर नहीं निकले। नतीजा यह रहा कि कई मुहल्लों से कूड़ा नहीं उठाया जा सका।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: शनिवार को नगर निगम के वर्कशाप में साढ़े छह सौ के सापेक्ष मात्र दो सौ लीटर डीजल की आपूर्ति हुई। डीजल के अभाव में वर्कशाप से चंद गाड़ी ही कूड़ा उठान के लिए निकल सकीं। जिसके चलते शहर के अधिकांश स्थानों पर गंदगी के ढेर लगे रहे।
नगर निगम ने शहर की सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था के लिए करीब 170 वाहनों का संचालन किया जाता है। इनमें से छोटे-बड़े 85 वाहन सफाई व्यवस्था में लगे हैं। सफाई वाहन शहर के विभिन्न स्थानों से सुबह व शाम दो शिफ्टों में कूड़े का उठान करते हैं। इन वाहनों के संचालन पर प्रतिदिन एक हजार लीटर से अधिक डीजल खर्च होता है। धनाभाव के चलते निगम प्रशासन डीजल की आपूर्ति के सापेक्ष भुगतान नहीं कर पा रहा है।
शनिवार की सुबह साढ़े छह सौ के सापेक्ष मात्र दो सौ लीटर डीजल की आपूर्त हुई। डीजल के अभाव में मात्र 30 से 35 वाहन ही कूड़ा उठान के लिए निकल सके। बाकी सभी वाहन वर्कशाप में खड़े रहे। शहर के सुहाग नगर, क्लब चौराहा, आसफाबाद, घंटाघर, करबला सहित अधिकांश क्षेत्रों में कूड़े का उठान नहीं हो सका। जब दोपहर में अधिकारियों ने साढ़े दस लाख का चेक दिया तब पेट्रोल पंप स्वामी ने डीजल की आपूर्ति दी। वर्कशाप प्रभारी दलवीर ¨सह ने बताया कि पंप पर डीजल खत्म हो गया था, इसलिए आपूर्ति नहीं दी गई थी। साढ़े दस लाख का भुगतान कर दिया है। दूसरी शिफ्ट में सभी वाहनों से कूड़े का उठान कराया है।
---
एक नजर में वाहनों की संख्या
वाहन संख्या
जेसीबी 05
लोडर 04
छोटा हाथी 17
बड़े ट्रैक्टर 27
छोटे ट्रैक्टर 09
प्याजियो पोटर 03
जेटिग मशीन 03
स्वराज माजदा 17