धनतेरस पर आज होगी धनवर्षा, दीपोत्सव शुरू, बाजार गुलजार
दीपोत्सव का पंचदिवसीय त्योहार सोमवार से शुरू हो रहा है। धनतेरस पर बाजार में धनवर्षा होगी। पहले से मिले ऑर्डर के अनुसार माल तैयार कर लिया गया है।
फीरोजाबाद (जागरण संवाददाता) : दीपोत्सव सोमवार से शुरू हो रहा है। धनतेरस पर बाजार में धनवर्षा की उम्मीद है। इसलिए दुकानें सजाने का काम रविवार देर रात तक चला। पहले से मिले ऑर्डर के अनुसार माल तैयार कर लिया गया है।
दीपावली की खरीदारी यूं तो एक सप्ताह पूर्व ही शुरू हो गई थी, लेकिन धनतेरस पर बर्तन, बाइक और आभूषणों की बिक्री विशेष रूप से होती है। इसके लिए सुहाग नगरी का बाजार तैयार हो गया है। सबसे अधिक खनक बर्तन बाजार में सुनाई देगी। बर्तन वाली गली ही नहीं सदर बाजार में भी कई दुकानों पर विभिन्न प्रकार के बर्तन सजे हैं। बिक्री को देखते हुए बड़े बड़े पंडाल सजाए गए हैं। वहीं ऑटोमोबाइल कारोबार भी बड़ी उम्मीद लगाए हुए हैं। बु¨कग पहले ही हो गई है, लेकिन सोमवार को भी काफी बिक्री होगी। धनतेरस पर सोने, चांदी के सिक्के, डॉलर, गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां काफी संख्या में खरीदी जाती हैं। वहीं महिलाएं परंपरा के अनुसार जरूरी आभूषण भी खरीदती हैं।
रविवार को भी हुई खरीदारी: बाजार में रविवार को भी काफी भीड़ रही। सजावटी सामान के साथ ही लोग कपड़े, जूते चप्पल खरीदते नजर आए। बाजार भी देर रात तक खुला रहा। भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
शाम करें कुबेर की पूजा, जलाएं चौमुखी दीप: बिहारी जी मंदिर के महंत एवं कथावाचक पं. मुन्नालाल शास्त्री ने बताया धनतेरस के दिन कुबेर की पूजा करनी चाहिए। इस साल शाम 5.30 से रात 8.15 तक कुबेर पूजन का योग है। इस दिन धातु खरीदना शुभ है। रात में यमराज के लिए चौमुखी दीपक का दान कर घर के दरवाजे पर रखें।