ठगी का शिकार महिलाएं धरने पर बैठीं
डीएम से मिलीं पीड़ित महिलाएं हाईवे जाम करने की चेतावनी
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: एनजीओ द्वारा की गई ठगी का शिकार महिलाएं और युवतियां सोमवार दोपहर गांधी पार्क के बाहर धरने पर बैठ गईं। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाएं डीएम एसएसपी को फरियाद सुनाने उनके कार्यालय भी गईं। मंगलवार को पीड़ित महिलाएं हाईवे जाम कर सकती है।
पीड़ित महिलाएं सुबह पहले डीएम और एसएसपी को फरियाद सुनाने डबरई गईं। डीएम चन्द्र विजय सिंह ने उनकी बात सुनने के बाद कहा कि वे पूरे घटनाक्रम की जानकारी थाना उत्तर पुलिस को दें, आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई होगी। यहां से वे एसएसपी से मिलने गईं, लेकिन एसएसपी से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद महिलाएं गांधी पार्क के सामने धरने पर बैठ गईं। उनका आरोप था कि आगरा की एनजीओ सार्थक सोशल वेलफेयर सोसायटी (भारत) के कर्ताधर्ताओं ने उन्हें झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी कर ली है। शनिवार सुबह उन्होंने एनजीओ के डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर परवेंद्र कुमार को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था। इसके बाद भी पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। चेतावनी दी गई कि आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर वे हाईवे जाम करेंगी। इस बारे में जानकारी करने पर इंस्पेक्टर उत्तर केडी शर्मा ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मुकदमा लिखा जा रहा है।