औद्योगिक आस्थान में निगम ने नहीं कराया विकास
आक्रोश टैक्स वसूली को दबाव बनाने का उद्यमियों ने किया विरोध उद्यमी बोले- नगर निगम ने हाईकोर्ट में पेश किए गलत तथ्य
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। औद्योगिक आस्थान नगला भाऊ में गृहकर व जलकल वसूली के संबंध में उद्यमियों की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों ने साफ कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा औद्योगिक आस्थान में कोई सुविधा प्रदान नहीं की जा रही है। जबरन टैक्स वसूली को हाईकोर्ट में गलत तथ्य पेश किए हैं।
उद्यमी राजकुमार मित्तल ने कहा कि नगला भाऊ औद्योगिक आस्थान राज्यपाल के नाम है। राज्य सरकार द्वारा विकास कार्य के लिए बजट जारी किया जाता है। इस क्षेत्र में नगर निगम द्वारा सड़क, सफाई, पेयजल, मार्ग प्रकाश जैसी कोई सुविधा प्रदान नहीं की जा रही। इसके बावजूद गृहकर व जलकर वसूली के लिए उद्यमियों को लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उद्यमी मनोज मित्तल ने कहा कि नगर आयुक्त का कहना है औद्योगिक आस्थान में नाला व नाली नगर निगम द्वारा बनाई गई है। सड़कों का रखरखाव किया जा रहा है। जबकि औद्योगिक आस्थान से सटा नाला सिचाई विभाग का है। यह नाला अधिकांश इकाइयों की स्थापना से पहले बना था। नगर निगम ने औद्योगिक आस्थान में कोई कार्य नहीं कराया है। नगर निगम द्वारा जारी किए नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट में रिट दाखिल की गई। नगर निगम द्वारा गलत तथ्य पेश करने पर हाईकोर्ट ने हमारी रिट खारिज कर दी है। टैक्स के मामले में हमने दोबारा हाईकोर्ट में रिट दायर की है। हमें उम्मीद है कि हाईकोर्ट से जरूर राहत मिलेगी।