Covid Hospital से खिड़की तोड़ भाग निकला संक्रमित, पकड़ने में छूटेे पुलिस के पसीने
खिड़की की रॉड से चौकीदार पर किया हमला पुलिस पहुंची। मंगलवार की रात कराया गया था भर्ती पीपीई किट पहनकर पुलिस ने किया काबू।
फीरोजाबाद, जेएनएन। बुधवार देर रात कोविड हॉस्पिटल में भर्ती मरीज ने खिड़की तोड़कर भागने की कोशिश की। सीढ़ियों से उतरने के बाद उसने रॉड से चौकीदार पर हमला भी बोला, लेकिन फरार नहीं हो सका। मौके पर पहुंची पुलिस काफी देर तक घेराबंदी किए रही। लगभग एक घंटे के हंगामे के बाद उस पर काबू पाया जा सका।
बुधवार को कोरोना संक्रमित पुलिस के लिए बड़ी मुसीबत बन गया। उसे पकड़ने में पुलिस के पसीने छूट गए। दरअसल शहर में सौ शैया अस्पताल को कोविड हॉस्पिटल बनाया गया है। इसके तीन फ्लोर पर संक्रमितों को भर्ती किया जाता है। मंगलवार रात को संक्रमित भर्ती किये गए थे। बुधवार रात लगभग साढ़े 11 बजे प्रथम तल पर भर्ती संक्रमित युवक ने खिड़की तोड़ कर छलांग लगा दी। इसके बाद वह गेट तक पहुंच गया। वहां मौजूद गार्ड ने रोकने की कोशिश की तो उस पर रॉड से हमला बोल दिया, गिरने से लगी चोट के कारण वह भाग नहीं सका। गार्ड के शोर मचाने के बाद अफरातफरी मच गई।
उत्तर थाने का फ़ोर्स पहुंचा और दूर से रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस के जवानों को पीपीई किट पहनाकर भेजा गया। लगभग डेढ़ घंटे तक अफरातफरी मची रही। मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ संगीता अनेजा का कहना है कि मरीज के भागने की जांच कराई जा रही है। मरीज की काउंसलिंग करके भी उसके भागने के कारण के बारे में पता किया जाएगा।
ऐसी घटना की पुनरावृति न हो इसके लिए हॉस्पिटल की सुरक्षा अतिरिक्त बढ़ा दी गई है। अन्य मरीजों पर भी निगरानी रखी जा रही है। हॉस्पिटल के स्टाफ को भी सतर्क रहने को कह दिया गया है।
सहमे अन्य संक्रमित
घटना के बाद से हॉस्पिटल में भर्ती अन्य संक्रमित सहम गए। सभी अपने अपने घर फोन करके घटना की जानकारी देते रहे। उधर संक्रमित की एक हरकत से हॉस्पिटल का स्टाफ भी घबरा गया।