रात में झमाझम, सुबह बूंदाबांदी
गुरुवार को दिन भर उमस के बाद रात में झमाझम बारिश हुई। इससे शहर के ज्यादातर इलाके जलमग्न हो गये।
जेएनएन, फीरोजाबाद : गुरुवार को दिन भर उमस के बाद रात में झमाझम बारिश हुई। इससे शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। वहीं सुबह सात बजे से भी बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया, जो दस बजे तक जारी रहा। स्कूल जाने वाले बच्चों को इससे परेशानी का सामना करना पड़ा तो कई मुहल्लों की बिजली गुल रहने से पानी का संकट खड़ा हो गया। इस दौरान जसराना के गांव नगला नथुआ में बरसात से एक मकान की छत गिर गई। इससे एक महिला एवं बच्चा दबकर घायल हो गए, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पिछले दो दिनों से तल्ख धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई थी। लोग घरों के अंदर भी पसीना-पसीना हो रहे थे। गुरुवार रात दो बजे करीब तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। रात में करीब एक से डेढ़ घंटे तक होने वाली तेज बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। बोधाश्रम, तिलक नगर, सर्विस रोड, गांधी पार्क एवं जलेसर रोड पर सुबह छह बजे तक कई पानी भरा हुआ था। सुबह सात बजे फिर से बूंदाबांदी शुरू होने से स्कूल जाने वाले बच्चे भी परेशान रहे। बच्चों को भीगते हुए स्कूल जाना पड़ा तो कई स्कूलों में बच्चों के कम आने से पढ़ाई भी नहीं हो सकी। सुबह दस बजे तक बूंदाबांदी का दौर चला।
इधर देहात क्षेत्र में बारिश परेशानी का सबब बनी रही। कच्चे मकान गिरासू हालत में पहुंच गए हैं। जसराना के गांव नगला नथुआ में शुक्रवार सुबह बरसात के चलते शिशुपाल पुत्र मेवाराम के मकान की छत गिर गई। उनकी बेटी रेखा 28 एवं बेटा अर्जुन 10 वर्ष इसके नीचे दब गए। मकान की छत गिरने एवं दो लोगों के दबने की जानकारी पर ग्रामीण दौड़े-दौड़े मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायलों को निकाल कर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।