खेल-खेल में अंग्रेजी सीखेंगे सरकारी स्कूलों के बच्चे
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। अब सरकारी स्कूलों के बच्चे भी अंग्रेजी विषय में भी होशियार होंगे। इसके लिए अंग्रेजी माध्यम में संचालित सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षत किया जा रहा है। ये बच्चों को खेल खेल में अंग्रेजी सिखाएंगे।
फीरोजाबाद, जागरण संवाददाता। अब सरकारी स्कूलों के बच्चे भी अंग्रेजी विषय में भी होशियार होंगे। इन्हें खेल-खेल में अंग्रेजी सिखायी जाएगी। अंग्रेजी माध्यम से संचालित परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को इसके लिए प्रशिक्षित किया जा चुका है। रविवार को दूसरे चरण में संपर्क फाउंडेशन के स्टेट ट्रेनर ने पांच ब्लॉक के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया, कि वह कक्षा एक से तीन तक के छात्र-छात्राओं को कैसे बेहतर तरीके से अंग्रेजी पढ़ा सकते हैं।
जनपद में 55 परिषदीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम से संचालित हैं। प्रत्येक विद्यालय से कक्षा एक, दो, तीन के छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी समझाने, लिखने और बोलने के लिए संपर्क फाउंडेशन के सहयोग से संपर्क स्मार्टशाला इंग्लिश फाउंडेशन प्रोग्राम चल रहा है। इसमें सभी ब्लॉक के अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालयों के अंग्रेजी शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। पहले चरण का प्रशिक्षण शनिवार को समाप्त हो गया। इसमें फीरोजाबाद नगर क्षेत्र, अरांव, एका और मदनपुर ब्लॉक के 40 शिक्षक और शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण दिया गया।
वहीं दूसरे चरण का प्रशिक्षण रविवार से शुरू हुआ। उपस्थित 50 शिक्षक, शिक्षकाओं को संपर्क फाउंडेशन के स्टेट ट्रेनर संदीप चौहान ने बताया कि प्रत्येक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय को एक ऑडियो विजुअल किट दी जा रही है। इसमें वर्क बुक के प्रयोग, मल्टीमीडिया वर्क बुक से अभ्यास कराने के चरण, अंग्रेजी शब्दावली के निर्माण एवं अक्षरों की पहचान आदि की जानकारी है। डीसी ट्रेनर संजय यादव ने बताया कि दूसरे बैच का प्रशिक्षण सोमवार को समाप्त होगा। प्रशिक्षण के दौरान डीसी अंजली जादौन भी मौजूद रहीं।