UP: सीडीओ के आगे वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्ग पिता का छलका दर्द, 'बेटा बिल्डर, मर्सिडीज़ में घूमता है'
सीडीओ ने सरदार पटेल जयंती पर टूंडला के बन्ना स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने बुजुर्गों के साथ भोजन किया और उनकी व्यथा सुनी।

एक बुजुर्ग ने बताया कि उनका बिल्डर बेटा मर्सिडीज में घूमता है, लेकिन घरेलू कलह के कारण उन्हें वृद्धाश्रम में रहना पड़ रहा है।
HighLights
सीडीओ ने सरदार पटेल जयंती पर वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया।
बिल्डर बेटे के पिता घरेलू कलह से वृद्धाश्रम में रह रहे।
वृद्धाश्रम में 53 बुजुर्गों को पेंशन और आयुष्मान कार्ड मिले।
संवाद सूत्र, टूंडला। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी ने बन्ना स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने बुजुर्गों के साथ खाना खाया और उनका दुख दर्द बांटा। एक बुजुर्ग की व्यथा सुन उनकी आंखें भी नम हो गईं। सीडीओ शत्रोहन वैश्य और जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती दोपहर एक बजे वृद्धाश्रम पहुंचे। जहां बुजुर्गों को फल वितरित कर उनके साथ संवाद किया।
आगरा के सिकंदरा निवासी महेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि उनका बेटा बिल्डर है और वह मर्सिडीज कार में घूमता है। घरेलू कलह के कारण उन्हें वृद्धाश्रम में रहना पड़ रहा है। अब वे यहीं संतुष्ट हैं और वापस घर नहीं जाना चाहते। निरीक्षण के दौरान बुजुर्ग संवासी मोहर सिंह ने एक सुंदर गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वृद्धाश्रम में कुल 53 संवासी (23 महिलाएं व 30 पुरुष) उपस्थित मिले। आश्रम संचालक अनमोल शर्मा ने सीडीओ को बताया कि 51 बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन मिल रही है, वहीं पिछले माह शिविर लगाकर 17 संवासियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। बुजुर्गों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए सप्ताह में एक-दो बार भजन-कीर्तन, रामायण और देवी जागरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।