मेहनत और जनता के दम पर जीतेंगे: स्वतंत्र देव
- बैनीवाल गार्डन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश - दिन भर चलीं बैठकें पदाधिकारियों से किया संवाद
संवाद सहयोगी, टूंडला: पार्टी प्रत्याशी के नामांकन को शुक्रवार को यहां पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के दम पर उपचुनाव में भाजपा परचम लहराएगी।
बैनीवाल गार्डन में आयोजित कार्यकर्ताओं की सभा में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ये उपचुनाव पार्टी के लिए काफी महत्वपूर्ण है। प्रत्येक बूथ पर भाजपा का झंडा लहराना है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को लेकर गांव-गांव जाना है। सबका साथ-सबका विकास के दम पर भाजपा सभी सीटें जीतेगी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद हर गांव में बिजली, पानी, सड़क, आवास, शौचालय, बैंक एकाउंट, गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम किया गया है। दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि वंशवाद व जातिवाद की राजनीति से देश बाहर निकल चुका है। उन्होंने चुनाव संचालन समिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार में जुटने के निर्देश दिए।
अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र प्रताप सिंह और संचालन जिला महामंत्री अविनाश सिंह भोले ने किया। सांसद डॉ. चन्द्रसेन जादौन, विधानसभा प्रभारी प्रमोद गुप्ता, महापौर नूतन राठौर, बृजक्षेत्र मंत्री उदय प्रताप सिंह, विधायक मनीष असीजा, मुकेश वर्मा, रामगोपाल पप्पू लोधी, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, पूर्व मंत्री जयवीर सिंह, जिला महामंत्री दीपक चौधरी समेत अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे। मंडल अध्यक्षों से लेकर युवा मोर्चा तक से संवाद: सभा के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने मंडल अध्यक्षों, भाजयुमो पदाधिकारियों और जिला व महानगर इकाई पदाधिकारियों से अलग-अलग संवाद किया। बैठक में प्रमुख लोगों की जिम्मेवारी पूछी और उन्हें जुट जाने को कहा। आगरा सांसद ने फैलाई झोली: आगरा सांसद व टूंडला के पूर्व विधायक प्रो. एसपी सिंह बघेल ने प्रत्याशी प्रेमपाल सिंह धनगर के लिए झोली फैलाकर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार न पहले कभी आई है और न आएगी। इसलिए भाजपा को मजबूत करें।