ब्रज क्षेत्र मंत्री की नियुक्ति पर पार्टी में बखेड़ा, फेसबुक पर पोस्ट
मेयर बनाम विधायक विवाद थमने के बाद एक बार फिर टीम भाजपा में बखेडा खडा हो गया है। ब्रज क्षेत्र मंत्री की नियुक्ति पर पार्टी के पदाधिकारियों ने ही आपत्ति जताई है। इस तरह का फेसबुक पर पोस्ट भी किया गया है।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: मेयर बनाम विधायक विवाद थमने के बाद एक बार फिर टीम भाजपा में घमासान छिड़ गया है। इस बार निशाने पर पार्टी के दिग्गज नेता और उनका परिवार है। ब्रज क्षेत्र में मंत्री पद पर राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन के भतीजे की नियुक्ति पर पूर्व मीडिया प्रभारी ने संगीन आरोप लगाते हुए फेसबुक पर पोस्ट डाली है। इसके बाद से पार्टी में खलबली मची हुई है।
पिछले दिनों संगठन के विस्तार में राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद अनिल जैन के भतीजे मनीष अग्रवाल को ब्रज क्षेत्र का मंत्री घोषित किया गया। इसके बाद पूर्व मीडिया प्रभारी अखिलेश शर्मा ने फेसबुक पर मनीष की फोटो और सूची पोस्ट करते हुए परिवार पर निशाना साधा। लिखा कि बंसल एंड कंपनी का एक और सराहनीय कदम, डॉ. अनिल जैन के एक ऐसे भतीजे मनीष अग्रवाल को ब्रज प्रांत में बड़ा पद मिला है, जो कभी पार्टी की एक बैठक में भी नहीं दिखे, न ही संघ से कोई रिश्ता है, पद बांटने वालों जरा तो शर्म करो। कर्मठ कार्यकर्ताओं को पीछे धकेल ऐसे लोगों को पद बांट रहे हो जो अपने कारखाने पर नेम प्लेट लगाकर अधिकारियों को डराते हैं, मजदूरों का शोषण कर रहे हैं और अन्य कारनामे भी करते रहे हैं। इस संबंध में पूर्व मीडिया प्रभारी अखिलेश शर्मा का कहना है कि हमने पार्टी के लिए लाठियां खाईं हैं, जेल भी गए हैं। अब अन्याय हो रहा है तो आवाज भी न उठाएं? मनीष अग्रवाल को सिर्फ इसलिए पद दिया क्योंकि वे अनिल जैन के भतीजे हैं। यदि आवाज उठाने के खिलाफ पार्टी निकाल दे तो कोई गम नहीं।
'यह एक सिरफिरी हरकत है। मनीष कई साल से पार्टी में है। पद मिलने में न तो मेरा और न ही अनिल का कोई योगदान है। अनिल तो फीरोजाबाद के मामले में बात भी नहीं करते। अखिलेश पद चाहते थे, मेरे पास आए थे, लेकिन मैं पद नहीं दिला सका, शायद इसलिए उन्होंने ऐसा किया। मनीष डिब्बे का काम करता है। इस मुद्दे को मैं तूल नहीं देना चाहता।'
नानक चंद्र अग्रवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व अनिल जैन के भाई