हाईवे पर छुट्टा घूमता गोवंश आश्रय स्थलों में पहुंचाया
सीडीओ के निर्देश पर सुबह से ही निकल आई थीं चार टीमेंदोपहर तक चले महाभियान 632 गाय और सांड़ पकड़े गए
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: हाईवे और सड़कों पर हादसों की वजह बने बेसहारा गोवंश को लेकर दैनिक जागरण की पहल शुक्रवार को सार्थक साबित हुई। प्रशासन ने इन्हें गोआश्रय स्थलों में संरक्षित करने के लिए महाभियान चलाया। चार टीमें सुबह से ही सड़कों पर उतर आई थीं। दोपहर तक 632 गाय और सांड़ को सड़कों से पकड़कर आश्रय स्थलों में पहुंचाया गया।
बेसहारा गोवंश के कारण एक्सप्रेस वे, हाईवे और सड़कों पर कई हादसे हो चुके हैं। इनमें कई की जानें चली गईं तो कुछ अपाहिज हो गए। प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी इनकी संख्या कम नहीं हो रही थी। खेतों में इनके कारण होने वाले नुकसान से बचने के लिए किसान सड़कों की तरफ खदेड़ देते हैं। दैनिक जागरण ने इस समस्या को बुधवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। सीडीओ नेहा जैन ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने कठफोरी से लेकर सिविल लाइन तक हाईवे और सड़कों से बेसहारा गोवंश को हटाने के लिए चार टीमें बनाई थीं।
इनमें एक एक सहायक विकास अधिकारी पंचायत, दो दो सचिव और 10-10 सफाई कर्मचारियों को शामिल किया गया था। डंडे और रस्सी लेकर ये टीमें अपने अपने क्षेत्र में पहुंच गईं। इसके बाद हाईवे, डिवाइडर एवं आसपास क्षेत्र में घूम रहे गोवंश को खदेड़ कर नजदीकी आश्रयस्थलों में पहुंचाया। यहां उनके चारे पानी की व्यवस्था की गई है।