विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिरोजाबाद में दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से स्कूटी टकराने पर आगरा के रिफाइंड कारोबारी की मौत

By Neelesh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 02 Nov 2026 08:05 PM (IST)

फिरोजाबाद में स्कूटी डिवाइडर से टकराने से आगरा के एक रिफाइंड कारोबारी बृजमोहन लाल गुप्ता की मौके पर ही मौत ...और पढ़ें

इनसेट में मृतक कारोबारी बृजमोहन लाल गुप्ता का फाइल फोटो।

इनसेट में मृतक कारोबारी बृजमोहन लाल गुप्ता का फाइल फोटो।

संवाद सूत्र, मक्खनपुर (फिरोजाबाद)। तगादा करने के लिए आए आगरा के रिफाइंड कारोबारी की सोमवार सुबह 10 बजे सांती चौराहे के पास स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सिर में चोट लगने से कारोबारी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उनकी पुत्रवधू आगरा में भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष हैं। सूचना पर रोते-बिलखते स्वजन मोर्चरी पहुंचे।

आगरा के विजय नगर कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय बृजमोहन लाल गुप्ता का रिफाइंड का थोक व्यापार है। वह छत्ता बाजार में बृजमोहन लाल गुप्ता ट्रेडर्स के नाम से फर्म का संचालन करते थे। दीपावली पर उन्होंने फिरोजाबाद और शिकोहाबाद क्षेत्र के दुकानदारों को रिफाइंड की सप्लाई भेजी थी। बृजमोहन सोमवार सुबह नौ बजे स्कूटी से तगादा करने के लिए निकले थे।

शिकोहाबाद जाते समय सोमवार सुबह 10 बजे हाईवे पर सांती चौराहे के पास उनकी स्कूटी असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से बृजमोहन लाल गुप्ता की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने फिरोजाबाद में रह रहे रिश्तेदारों और स्वजन को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने उन्हें सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा, जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर बेटा सुमित कुमार गुप्ता व अमित कुमार गुप्ता अन्य स्वजन के साथ रोते-बिलखते मोर्चरी पर पहुंचे। स्वजन के अनुसार उनकी पुत्रवधू उपमा गुप्ता आगरा में भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष हैं। थाना प्रभारी चमन शर्मा ने बताया स्कूटी अनियंत्रित होने से हादसा हुआ है। मौके पर हेलमेट नहीं मिला है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।