खाने पर टूटी भीड़, तोड़ दी बल्लियां
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: शहर के पीडी जैन इंटर कॉलेज में आयोजित सेवा उत्सव में आए ह
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: शहर के पीडी जैन इंटर कॉलेज में आयोजित सेवा उत्सव में आए हुए जिले भर के लोगों के खाने का भी इंतजाम किया गया था। कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा के साथ ही कार्यक्रम स्थल के एक साइड में लगाई गई खाने की स्टॉल पर भीड़ टूट पड़ी। भीड़ ने बल्लियों को तोड़ डाला। स्टॉल पर उमड़े हुजूम में कोई थाली लेने दौड़ा तो कोई सब्जी व पूड़ी। लोग हाथों में खाली थाली लिए स्टॉल के आगे खड़े हुए थे। कोई हाथ ऊपर से कर रहा था तो कोई नीचे से घुस रहा था। इस कारण कई लोगों के कपड़े भी खराब हो गए। हजारों की भीड़ होने के चलते यहां आपाधापी मच गई। करीब एक घंटे में ही पूरा खाना साफ हो गया। नजारा यह था कि लोग हाथों में पूड़ी व सब्जी की थाली लिए जमीन पर बैठकर पेट भरते दिखाई दिए। वहीं अनेक लोगों ने तो बिना खाना खाए ही लौट लिए।
प्रसाद ग्रहण करने हैलीपेड से लौटकर आए सीएम :
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के बाद सुरक्षा घेरे में सीधे हैलीपेड पर पहुंच गए। तब तक यहां केएस परिवार के सदस्य भी पहुंच गए। इन्होंने प्रसाद के संबंध में कहा तब वह लौटकर आए तथा प्रसाद ग्रहण किया।
कई लोगों की पॉकेट साफ, जेबकटों की धुनाई:
सेवा उत्सव में हजारों की संख्या में भीड़ नजर आई। भीड़ के इस रैले में जेबकटों ने खूब हाथ साफ किए। कई लोगों के मोबाइल पार कर दिए तो कई के पर्स। शिकोहाबाद निवासी मीडियाकर्मी नितिन उपाध्याय का किसी ने मोबाइल पार कर दिया। इस दौरान चार किशोरों को जेब एवं मोबाइल साफ करते समय पब्लिक ने दबोच लिया। जमकर पिटाई की और फिर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इन्हें थाने भेज दिया गया है।
हिरासत में लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता: (फोटो-10)
आंगनबाड़ी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश शर्मा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ पीडी जैन इंटर कॉलेज में भाजपा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे थे। विरोध प्रदर्शन की आशंका के चलते कोटला चुंगी चौराहे से पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। यहां से ले जाकर सभी को कामता होटल में नजरबंद रखा गया। कार्यक्रम समाप्ति के बाद सभी को छोड़ दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश शर्मा का कहना है प्रदेश में भाजपा की सरकार तानाशाही दिखा रही है।
अपने ही घरों में कैद लोग:
पीडी जैन इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन के होश उड़े रहे। सर्विस रोड से कैला देवी मंदिर जाने वाली गली में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। पुलिस ने हनुमानगढ़ के बा¨शदों को सख्त हिदायत दे दी कि कोई भी व्यक्ति छतों पर नहीं जाएगा। वही आरोप है कई लोगों को घरों में ही कैद कर दिया। इसको लेकर लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। कार्यक्रमस्थल के चारों ओर छतों पर पुलिसकर्मी तैनात थे तो गलियों एवं चौराहों पर भी एसओ लगाए गए थे।
घंटों बंद रहा शहरी हाईवे:
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर रूट डायवर्ट किया गया था। हाईवे पर शिकोहाबाद से आने वाले वाहन आसफाबाद से बाइपास पर और आगरा से आने वाले उसायनी से बाइपास रोड पर डायवर्ट किए गए। वहीं जलेसर एवं कोटला रोड पर भी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद किया गया। शहरी हाईवे पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहा। ऑटो के चलने पर भी पाबंदी रही। इस वजह से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कोहरे की वजह से दो घंटे लेट आए मुख्यमंत्री :
शुक्रवार सुबह कोहरे की वजह से मुख्यमंत्री एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के हैलीकॉप्टर देरी से उड़ सके। मुख्यमंत्री को साढ़े 11 बजे पहुंचना था, लेकिन वह करीब एक बजकर 25 मिनट पर फीरोजाबाद पहुंचे। हालांकि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह कुछ वक्त पहले ही आ चुके थे, लेकिन मुख्यमंत्री के आने तक वह भी हैलीपेड के निकट बनाए गए रेस्ट स्थल पर रहे। एक बजकर 35 मिनट पर दोनों साथ-साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।